17 तारीख को पंजाब आ रहे हैं पीएम मोदी, जालंधर को देंगे ये बड़ा तोहफा

17 तारीख को पंजाब आ रहे हैं पीएम मोदी, जालंधर को देंगे ये बड़ा तोहफा

पंजाब में 17 तारीख को होने वाला पीएम नरेंद्र मोदी का जालंधर दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का नया आधुनिक स्वरूप है। लंबे समय से चल रहे पुनर्विकास कार्य के बाद स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए तैयार है। उद्घाटन के बाद यह स्टेशन आम लोगों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर जालंधर के लोगों और व्यापारिक वर्ग में भी उत्साह देखा जा रहा है।

तैयारियों पर प्रशासन और रेलवे की खास नजर

पीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन और रेलवे निरंतर तैयारियों में जुटे हैं। इसी सिलसिले में रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया। यहां उन्होंने रेलवे अफसरों के साथ मीटिंग की और सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी तैयारियों की समीक्षा की। स्टेशन पहुंचने पर रेलवे बोर्ड के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।

करीब 98.89 करोड़ रुपये से बदला स्टेशन का स्वरूप

रेलवे अफसरों के अनुसार जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 98.89 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। साथ ही भवन और परिसर को आधुनिक रूप दिया गया है। अभी कुछ अंतिम कार्य पूरे किए जा रहे हैं ताकि उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें।

विकास कार्यों पर क्या बोले रवनीत सिंह बिट्टू

मीडिया से बातचीत के दौरान रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट में छोटी कमियां रह सकती हैं मगर रेलवे की टीमें उन्हें समय रहते दूर करने में लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को दुनिया के कई देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है और उनके नेतृत्व में पंजाब को यह महत्वपूर्ण परियोजना मिली है। उन्होंने बताया कि भाजपा की केंद्रीय और राज्य स्तरीय टीम 17 तारीख तक जालंधर में रहकर कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर रखेगी।

Latest Posts