जयपुर स्कूल छात्रा मौत मामला: नए CCTV फुटेज से हड़कंप, मरने से पहले शिक्षिका के सामने हाथ जोड़ती दिखी मासूम अमायरा
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित नीरजा मोदी स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा अमायरा कुमार मीना की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। चौथी मंजिल से गिरने की घटना की जांच के बीच सामने आए एक नए CCTV फुटेज को लेकर छात्रा के परिवार ने स्कूल प्रशासन और शिक्षकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
परिवार का आरोप है कि घटना से पहले अमायरा मानसिक तनाव में थी और उसने अपनी परेशानी बताने की कई बार कोशिश की, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
क्लास में परेशान दिखी छात्रा, बुलिंग का लगाया आरोप
परिजनों के अनुसार, CCTV फुटेज में घटना से पहले अमायरा सामान्य नजर आ रही थी। वह स्कूल पहुंचने के बाद सहपाठियों से बातचीत करती दिखी और गतिविधियों में भी हिस्सा ले रही थी।
परिवार का दावा है कि क्लास शुरू होने के बाद कुछ छात्रों द्वारा डिजिटल स्लेट दिखाए जाने के बाद बच्ची का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि इस दौरान उसे असहज महसूस हुआ और वह परेशान रहने लगी।
अमायरा के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी को कक्षा में कुछ बच्चों द्वारा परेशान किया जा रहा था और वह इस स्थिति से काफी डर गई थी।
शिक्षिका से मदद मांगती रही अमायरा: परिवार का दावा
परिवार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, CCTV फुटेज में अमायरा कई बार अपनी क्लास टीचर के पास जाती दिखाई दे रही है। परिजनों का कहना है कि बच्ची रो रही थी और अपनी समस्या बताने की कोशिश कर रही थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमायरा ने शिक्षिका के सामने हाथ जोड़कर अपनी परेशानी बताने की कोशिश की, लेकिन उसे पर्याप्त ध्यान नहीं मिला। परिवार का कहना है कि बच्ची को बार-बार अपनी सीट पर लौटने के लिए कहा गया।
परिजनों के मुताबिक, अगर उस समय बच्ची की बात को गंभीरता से सुना जाता तो शायद घटना को रोका जा सकता था।