औरैया में दर्दनाक हादसा: वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवक ने की खुदकुशी, 4 मिनट तक थमी रही ट्रेन की रफ्तार
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहाँ अछल्दा कस्बा स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक ने आनंद विहार से अयोध्या जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस अचानक हुए हादसे से रेलवे ट्रैक और आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद सुरक्षा कारणों से ट्रेन को आपातकालीन ब्रेक लगाकर कुछ मिनटों के लिए रोकना पड़ा.
आनंद विहार से अयोध्या जा रही थी वंदे भारत एक्सप्रेस
यह दर्दनाक घटना सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे की है. अछल्दा कस्बे के रेलवे क्रॉसिंग संख्या 13-बी के पास करीब 35 वर्ष का एक अज्ञात युवक डाउन लाइन के मेन रेलवे ट्रैक पर आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी समय ट्रैक पर दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से चलकर अयोध्या जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आ रही थी.
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि युवक अचानक ट्रेन के ठीक सामने आकर खड़ा हो गया. ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही युवक का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर डाउन रेलवे लाइन के खंभा नंबर 1116/26-27 के बीच जा गिरा. मृतक युवक ने गुलाबी रंग की शर्ट पहनी हुई थी.
लोको पायलट ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक, 4 मिनट रुकी रही ट्रेन
हादसे के तुरंत बाद वंदे भारत एक्सप्रेस के लोको पायलट (Loco Pilot) ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को पास के ही इनायतपुर गांव के सामने रोका. लोको पायलट ने नीचे उतरकर इंजन और उसके तकनीकी हिस्सों की बारीकी से जांच की. करीब चार मिनट तक ट्रेन वहां खड़ी रही. सब कुछ ठीक पाए जाने और इंजन में किसी भी तरह की तकनीकी खराबी न होने की पुष्टि के बाद ट्रेन को उसके गंतव्य (अयोध्या) के लिए रवाना किया गया.
शिनाख्त में जुटी जीआरपी और स्थानीय पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गए. जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने शव के अवशेषों को ट्रैक से एकत्र कर पोस्टमार्टम और मोर्चरी के लिए भेज दिया है.
मृतक युवक के पास से फिलहाल कोई ऐसा दस्तावेज या आईडी नहीं मिली है जिससे उसकी पहचान हो सके. पुलिस हुलिए के आधार पर आस-पास के गांवों और थानों में सूचना भेजकर युवक की शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयास में जुटी हुई है.