
Jeju Air Plane Crash: साउथ कोरिया में 29 दिसंबर 2024 को हुए विमान हादसे को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए विमान दुर्घटना में 181 यात्रियों में से 179 की मौत हो गई। अब इस हादसे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। साउथ कोरिया के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना से चार मिनट पहले विमान के ब्लैक बॉक्स ने काम करना बंद कर दिया था। यानी ब्लैक बॉक्स से आखिरी चार मिनट की रिकॉर्डिंग गायब है।
अंतिम 4 मिनट की रिकॉर्डिंग गायब
परिवहन मंत्रालय ने कहा कि जेजू एयरलाइंस के बोइंग 737-800 विमान पर लगे कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) ने विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार मिनट पहले काम करना बंद कर दिया था। यानी दुर्घटना से पहले विमान में क्या हुआ था, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकती। यदि यह उपकरण अचानक खराब हो गया तो इसे किसने बंद किया? ये जांच का विषय है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि विमान दुर्घटनाओं की जांच के लिए सीवीआर और एफडीआर डेटा महत्वपूर्ण हैं, लेकिन दुर्घटनाओं की जांच विभिन्न डेटा की जांच और विश्लेषण के माध्यम से की जाती है, इसलिए हम दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
दुर्घटना की जांच में लग सकते हैं महीनों
साउथ कोरिया के परिवहन मंत्रालय ने आगे कहा कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर का पहले स्थानीय स्तर पर विश्लेषण किया गया और फिर उसे जिरह के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका भेजा गया। फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था तथा उसका कनेक्टर भी गायब था। एफडीआर को विश्लेषण के लिए अमेरिका भी भेजा गया है। अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड इसका विश्लेषण करेगा। मंत्रालय ने कहा कि विमान दुर्घटना का कारण अभी भी अज्ञात है। उनकी जांच में महीनों लग सकते हैं।