बाबा रामदेव का धीरेंद्र शास्त्री पर फिर वार: 'भूत-प्रेत और पाखंड से बचें, सनातन का कोई ठेकेदार नहीं'
योगगुरु बाबा रामदेव ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। झारखंड के एक कार्यक्रम में दिए पुराने बयानों के बाद अब जमशेदपुर में रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को चेताया है कि देवी-देवताओं और भूत-प्रेत के नाम पर होने वाले धार्मिक व सांप्रदायिक पाखंड से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह कहकर समाज में भय का माहौल बनाते हैं कि सनातन खतरे में है, जबकि वे स्वयं पाखंड, आडंबर और अंधविश्वास में लिप्त रहते हैं।
जमशेदपुर में पत्रकारों ने जब बाबा रामदेव से पूछा कि हालिया बयान के जरिए उनका इशारा किसकी ओर था, तो उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री का नाम लिए बिना कहा कि उन्होंने किसी को व्यक्तिगत रूप से टारगेट नहीं किया है, जिसे संदेश जाना था उसे समझ आ गया है। रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म को जितनी चुनौती बाहर से मिलती है, उतनी ही भीतर से भी है। उनके मुताबिक, जो लोग अधूरी जानकारी और सीमित अनुभवों के आधार पर बातें करते हैं तथा सनातन को टुकड़ों में बांटकर या खंडित रूप में पेश करते हैं, वे ही सनातन को लेकर भ्रम फैलाते हैं।
बाबा रामदेव ने कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों को सचेत किया है कि सनातन के नाम पर बोलने वाले कथाकारों और प्रवक्ताओं को देवी-देवताओं व भूत-प्रेत के नाम पर चलने वाले धार्मिक, सांप्रदायिक और राजनीतिक पाखंड से बचना चाहिए। उनके अनुसार, सनातन धर्म शाश्वत रहा है, वर्तमान में भी है और आगे भी रहेगा।
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि सनातन धर्म का कोई ठेकेदार नहीं है। न तो कोई कथावाचक और न ही कोई एक व्यक्ति इसका मालिक है, क्योंकि यह किसी एक व्यक्ति पर आधारित व्यवस्था नहीं है। रामदेव ने कहा कि सनातन परंपरा में केवल मूर्तियों की नहीं, बल्कि चरित्र, व्यक्तित्व और शाश्वत सत्य की उपासना होती है। जो लोग स्वयं दिखावे व अंधविश्वास में डूबे हैं, वही यह दावा कर डर पैदा करते हैं कि सनातन की रक्षा का जिम्मा सिर्फ उनके पास है।