अगले 4 दिन घरों में हो जाएं कैद, झारखंड के इन जिलो में 17 जुलाई तक आसमानी आफत का महा-अलर्ट
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों के लिए 17 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
14 जुलाई को इन इलाकों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि 14 जुलाई को संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। खराब मौसम के दौरान खेतों या खुले स्थानों में रहने से बचने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें। सुरक्षित भवन में रहना सबसे बेहतर विकल्प होगा।
रामगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश रामगढ़ जिले में हुई। यहां 34.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। दूसरी ओर पाकुड़ सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना।
रांची में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई
राजधानी रांची में सोमवार को दिनभर बादल बने रहे। लोगों को उम्मीद थी कि बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बारिश नहीं होने के कारण उमस लगातार बनी रही। चिपचिपी गर्मी की वजह से लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा और मौसम काफी असहज महसूस हुआ।
प्रमुख शहरों का तापमान
सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री रहा। डाल्टनगंज में पारा 35.4 डिग्री तक पहुंचा जबकि न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया।