नवंबर में टला दौरा, अब दिसंबर के पहले हफ्ते में हलचल तेज: झारखंड में राहुल गांधी के कार्यक्रम की पूरी इनसाइड स्टोरी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिसंबर के पहले सप्ताह में झारखंड का दौरा कर सकते हैं और उनका यह कार्यक्रम 4 या 5 दिसंबर को प्रस्तावित है। दौरे के दौरान राहुल गांधी खूंटी में ग्राम प्रधानों के साथ पेसा कानून को लेकर सीधा संवाद करेंगे तथा रांची में प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर संगठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।
पहले उनका दौरा नवंबर के पहले सप्ताह में तय था, लेकिन दिल्ली में रैली, त्योहारों और झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के चलते इसे टाल दिया गया था; अब दिसंबर के संभावित दौरे के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं, हालांकि अंतिम तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की औपचारिक पुष्टि अभी बाकी है। खूंटी में होने वाले संवाद में पेसा कानून के जमीनी क्रियान्वयन, पंचायतों के अधिकारों और इसके प्रभाव पर बातचीत होगी, जिसे आदिवासी बहुल प्रदेश में ग्रामीण व जनजातीय सरोकारों को मजबूती से रखने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
राहुल गांधी के संभावित दौरे की रूपरेखा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर 24 नवंबर को रांची के राजकीय अतिथिशाला में पेसा पर्यवेक्षकों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी की मौजूदगी में पेसा कानून से जुड़ी गतिविधियों और प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा होगी।
इसके साथ ही संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को होने वाली राज्य स्तरीय 'संविधान रक्षक रैली' की तैयारियों को लेकर रविवार को राजकीय अतिथिशाला में के. राजू और केशव महतो कमलेश की संयुक्त अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। तय कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर को यह रैली डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से शुरू होगी और मार्च करते हुए बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास समाप्त होगी।