लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद: जमशेदपुर में सड़कों पर उतरे बीजेपीई, जानें कहां खुला रहा और कहां दिखा सन्नाटा
रांची में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग और लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया।
इसका असर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर में भी देखने को मिला, जहां सुबह से ही बंद का मिला-जुला प्रभाव नजर आया। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता तड़के ही सड़कों पर उतर आए और शहर के विभिन्न बाजारों में घूम-घूमकर व्यवसायियों से अपनी दुकानें बंद रखकर इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
इन इलाकों में दिखा बंद का ज्यादा असर
द को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर के अलग-अलग मंडलों में रैलियां निकालीं। पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने मानगो बस स्टैंड और भुईयाडीह इलाके में मोर्चा संभाला और हाथ जोड़कर लोगों से समर्थन मांगा।
वहीं बागबेड़ा क्षेत्र में सुबोध झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुकानें बंद कराने की अपील की। गोलमुरी बाजार में इस बंद का खासा असर देखने को मिला, जहां कई व्यवसायियों ने स्वतः अपनी दुकानें बंद रखीं। इसके अलावा कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर जैसे प्रमुख इलाकों में भी भाजपा नेताओं ने जनसंपर्क अभियान चलाया।
यातायात और आम जनजीवन पर प्रभाव
सुबह करीब 8 बजे से ही सड़कों पर भाजपाइयों का हुजूम दिखने के बावजूद, दिन के 11 बजे तक शहर में बंद का कोई बहुत व्यापक प्रभाव नहीं देखा गया। आम दिनों की तरह ही शहर की रफ्तार कायम रही। सबसे बड़ी राहत यह रही कि यातायात व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू रही। ऑटो और अन्य सवारी गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती नजर आईं। कई बाजारों में दुकानें खुली रहीं और रोजमर्रा के कामकाज के लिए लोगों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही।