डाक विभाग में 25 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां, 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका
भारतीय डाक विभाग ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर की घोषणा की है। डाक विभाग द्वारा इंडिया पोस्ट ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इस देशव्यापी भर्ती अभियान के माध्यम से 25,000 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के विभिन्न पदों पर देश भर के अलग-अलग पोस्टल सर्किलों में तैनात किया जाएगा।
22 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भर्तियां
इस मेगा भर्ती अभियान के तहत देश भर के प्रमुख राज्यों में रिक्तियां भरी जाएंगी। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, असम, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, केरल, उत्तर पूर्व राज्य, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित लगभग सभी प्रमुख डाक सर्कल शामिल हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन शेड्यूल जानें
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती 2026 के लिए वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू होकर 19 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद विस्तृत आवेदन पत्र भरने और शुल्क भुगतान की विंडो 2 सितंबर 2026 को शाम 5:00 बजे से लाइव होगी। ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 (शाम 5:00 बजे तक) निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को समय सीमा समाप्त होने से पहले अपना फॉर्म पूरा करने की सलाह दी जाती है।
कितनी होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता
जीडीएस पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल शिक्षा बोर्ड से 10वीं (मैट्रिकुलेशन) पास होना अनिवार्य है। उम्मीदवार ने 10वीं कक्षा में गणित, स्थानीय भाषा और अंग्रेजी विषयों का मुख्य रूप से अध्ययन किया हो। आयु सीमा की बात करें तो आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये से लेकर 24,470 रुपये प्रति माह तक का वेतनमान (TRCA) प्रदान किया जाएगा।