जानिए लखनऊ में ‘भारत बंद’ क्या है असर, जानें यूपी के इन जिलों का भी हाल

img
लखनऊ। तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को भारत बन्द को लेकर पुलिस सड़कों पर पूरी तरह से मुस्तैद है। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस सहित अन्य विरोधी दलों के भारत बन्द को समर्थन देने के कारण पुलिस कानून व्यवस्था को लेकर बेहतर सतर्कता बरत रही है, जिससे आम जनता को कोई समस्या नहीं हो। राजधानी लखनऊ सहित अन्य जिलों में स्थिति सामान्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में शान्ति व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके पर्याप्त प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं।
India off
राजधानी के हजरतगंज ​सहित प्रमुख मार्गों, चौराहों, बार्डर पर पुलिस बल सुरक्षा के मद्देनजर तैनात है। राजधानी में सामान्य दिनों की तरह दुकानें खुली हुई हैं और लोग खरीदारी कर रहे हैं। इसी तरह शहर की कई सब्जी मंडियां भी रोज की तरह लगी। हालांकि नवीन दुबग्गा फल व सब्जी मंडी में बन्द क असर देखने को मिला। दुबग्गा सब्जी मंडी से प्रदेश के छह जिलों में सब्जियां जाती हैं। आढ़तियों के मुताबिक बन्द होने से करीब तीन करोड़ का नुकसान होगा।
वहीं बस अड्डे से कई उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की कई बसें भी रवाना हुई। चारबाग बस अड्डा, कमता बस स्टेशन, चिनहट स्थित अवध बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए पहुंचे। दिल्ली, बरेली, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई समेत विभिन्न रूट की बसों का आवागमन जारी रहा।
समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन के गेट नम्बर तीन पर धरने पर बैठकर किसानों आन्दोलन का समर्थन किया। राजधानी में विक्रमादित्य मार्ग पर समाजवादी पार्टी के कार्यालय के पास बैरिकेडिंग लगाई गई है। इसी तरह पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवास के पास भी बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। अखिलेश ने आज बन्द के समर्थन में ट्वीट किया कि अपनी जमीं की खातिर, हम माटी में जा लिपटेंगे, वो क्या हमसे निपटेंगे। वहीं लखनऊ में किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष पुलिस देवेंद्र तिवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
वहीं बाराबंकी में किसानों के समर्थन में सफेदाबाद क्रॉसिंग पर किसान व समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कहा कि सरकार को बिना देर लगाए इन कृषि कानूनों को वापस ले लेना चाहिए। ये कानून किसान को बर्बाद कर देंगे।
अयोध्या में भारत बंद को लेकर जिला प्रशासन सतर्कता बतर रहा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शरद शुक्ला, महानगर अध्यक्ष मेजर अकबर अली को नजरबंद कर दिया गया है। सीतापुर जनपद के लहरपुर में सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद किया गया है। इसी तरह बलरामपुर में पूर्व विधायक तथा कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजरबंद हैं।
इटावा में जबरन दुकान बन्द कराने को लेकर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव व पूर्व पालिका अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता संटू को पचरहा से गिरफ्तार कर लिया। वहीं प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारत बन्द के समर्थन में ट्रेन रोकी। सपा कार्यकर्ताओं ने वहां आउटर पर ग्वालियर से मडुवाडीह जाने वाली बुन्देलखण्ड स्पेशल ट्रेन को रोक दिया। 07:32 बजे ट्रेन रोकी। करीब आधे घंटे बाद रवाना की जा सकी।
बस्‍ती में पूर्व कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक जितेन्द्र चौधरी सहित 50 की संख्या में कार्यकर्ताओं को गांधी नगर से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यहां जबरन दुकानें बन्द कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके उन्हे खदेड़ा।
फिरोजाबाद में मंडी में भारत बन्द का कोई असर नहीं दिखा। रोज की तरह मंडी खुली और खरीदारी हुई। चित्रकूट में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज यादव को उनके घर में पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। शहर में काफी दुकानें खुली हुई हैं। पुलिस प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
महराजगंज में सपा जिलाध्यक्ष आमीर हुसैन, आप जिलाध्यक्ष पशुपति नाथ गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश पाल समेत कुछ नेताओं को पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में ले लिया। चंदौली में सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद रामकिशन यादव को हिरासत में लेने के दौरान पुलिस का विरोध किया।

अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशान्त कुमार बोले

अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशान्त कुमार ने बताया कि पुलिस, प्रशासन अलर्ट पर है और हिंसा की घटनाओं को कम करने के लिए गश्त के माध्यम से निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के मुताबिक बन्द केवल पूर्वाह्न ग्यारह बजे से अपराह्न तीन बजे तक है। पीएसी की 140 कम्पनियों को सिविल फोर्स के साथ तैनात किया गया है।
भाजपा की किसानों से दुष्प्रचार और समाज को बांटने वाली ताकतों से बचने की अपील
प्रदेश भाजपा की ओर से आज कहा गया कि नए कृषि सुधार कानूनों से किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी। देश में कोल्ड स्टोर एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में निवेश बढ़ेगा और किसान पर्याप्त भंडारण कर सकेंगे। न्यूनतम समर्थन मूल्य और मंडियां भी जारी रहेगी और किसान अपनी फसल अपनी मर्जी से कहीं भी बेच सकेंगे। पार्टी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक एजेंडे के तहत फैलाए जा रहे दुष्प्रचार और समाज को बांटने वाली ताकतों से बचें।
Related News