लड़की की ID से मैसेज, सुनसान जगह पर बुलावा और फिर बेल्ट से घोंटा गला

लड़की की ID से मैसेज, सुनसान जगह पर बुलावा और फिर बेल्ट से घोंटा गला

केरल के तिरुवनंतपुरम में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र के लापता होने की गुत्थी खौफनाक वारदात में तब्दील हो गई है। रविवार से लापता छात्र अभिराम एम.डी. का शव सोमवार देर शाम पंगापारा के एक सुनसान इलाके में बोरे के भीतर से बरामद किया गया। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग और सोशल मीडिया पर बातचीत को लेकर उपजे विवाद के चलते किशोर की बेल्ट से गला घोंटकर बेरहमी से जान ली गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन नाबालिग व युवाओं को हिरासत में ले लिया है।

अभिराम रविवार दोपहर अपने परिजनों से दोस्त से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकला था। निकलने से ठीक पहले उसके फोन पर एक कॉल भी आई थी। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बताता रहा, तो चिंतित परिजनों ने फौरन श्रीकार्यम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर डंप डेटा और दोस्तों से पूछताछ के आधार पर पड़ताल शुरू की। जांच की कड़ियां जुड़ते ही पुलिस सोमवार शाम पंगापारा के उस वीरान ठिकाने पर पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच बोरे में ठूंसा हुआ अभिराम का शव मिला। यह जगह छात्रों के बीच पहले से परिचित थी, जहां वे अक्सर घूमने आते थे।

तफ्तीश में खुलासा हुआ कि मुख्य संदिग्ध किशोर एक लड़की के करीब था, जिससे अभिराम भी इंस्टाग्राम पर जुड़ा हुआ था। इसी बात की रंजिश में मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर उसी लड़की के इंस्टाग्राम हैंडल का इस्तेमाल कर अभिराम को मैसेज भेजा और पंगापारा मिलने के लिए जाल बिछाकर बुलाया। मौके पर पहुंचते ही बेल्ट से उसका गला घोंट दिया गया और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर फेंक दिया गया। वारदात में मदद करने के आरोप में पुलिस ने उमर नाम के एक पुराने हिस्ट्रीशीटर बदमाश के साथ एक 17 वर्षीय किशोर और एक किशोरी को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।