हाथ से न जाने दें मौका! 30 नवंबर तक इन ट्रेनों में खाली पड़ी हैं हजारों सीटें, देखें पूरी लिस्ट
दिवाली और छठ महापर्व अपने पैतृक गांव-घर में पूरे परिवार के साथ मनाने के बाद अब लाखों लोग वापस अपने काम और शहरों की ओर लौटने लगे हैं। त्योहारों से पहले जो भारी भीड़ बिहार जाने वाली ट्रेनों में नजर आ रही थी, वही हुजूम अब बिहार से दिल्ली, मुंबई, पुणे, चंडीगढ़, कोलकाता और हावड़ा लौटने वाली गाड़ियों में देखने को मिल रहा है। इस भारी भीड़ और यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने 162 स्पेशल ट्रेनों की नई सूची जारी की है, जिनमें वापसी यात्रा के लिए 33 हजार से ज्यादा कंफर्म सीटें उपलब्ध हैं।
पूर्व मध्य रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 18 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाली इन 162 विशेष ट्रेनों में कुल 33,479 सीटें खाली हैं। ये ट्रेनें बिहार के पटना, दानापुर, पाटलिपुत्र, बरौनी, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, गया, शेखपुरा, पूर्णिया कोर्ट, रक्सौल, झंझारपुर, लौकहा बाजार के साथ-साथ झारखंड के धनबाद से खुलेंगी। यहां से यात्री दिल्ली, पुणे, मुंबई, कोलकाता, हावड़ा, शालीमार, चंडीगढ़, ग्वालियर, दुर्ग, राउरकेला, रांची, रामनगर और विशाखापट्टनम जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, खाली सीटों का यह विकल्प चेयर कार, स्लीपर, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी जैसे सभी श्रेणियों के कोचों में मौजूद है। उदाहरण के तौर पर, 29 नवंबर को पटना से हावड़ा जाने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 02024 में चेयर कार श्रेणी की 1200 से अधिक सीटें खाली हैं, जहां यात्री आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं। वहीं कई अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी अलग-अलग तारीखों पर सीटें उपलब्ध हैं। सफर की योजना बना रहे यात्री भारतीय रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) पोर्टल और IRCTC ऐप पर जाकर इन ट्रेनों के सटीक रूट, ठहराव और समय सारिणी की पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।