3 साल के मासूम के कान के पर्दे सूजे, CCTV खोला प्ले स्कूल की हैवानियत का राज
राजधानी दिल्ली के एक नामी प्ले स्कूल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में स्थित एक प्ले स्कूल में तीन साल के मासूम बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट और बदसलूकी की गई।
मासूम के साथ हुई इस बर्बरता का खुलासा तब हुआ जब मेडिकल जांच में उसके दोनों कानों के पर्दे सूजे पाए गए और फिर क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज ने स्कूल के दावों की पोल खोल दी। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
कान के दर्द से खुली स्कूल की क्रूरता
पूरा मामला उस वक्त उजागर हुआ जब घर लौटने के बाद मासूम बच्चे ने अपने माता-पिता से कान में तेज दर्द होने की शिकायत की। परिजन तुरंत बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने जो बताया उसने सभी को सन्न कर दिया। डॉक्टर ने पुष्टि की कि बच्चे के दोनों कानों के पर्दे गंभीर रूप से सूज चुके हैं और यह किसी भारी चोट या लगातार की गई मारपीट का नतीजा है। इसके बाद जब आक्रोशित परिजन स्कूल प्रशासन से जवाब मांगने पहुंचे, तो प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की मारपीट की बात से साफ इनकार कर दिया।
CCTV फुटेज देखने के लिए स्कूल ने ऐंठे 1500 रुपये
सच्चाई जानने के लिए जब पीड़ित माता-पिता ने क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज का एक्सेस मांगा, तो स्कूल प्रशासन ने संवेदनहीनता की हद पार कर दी। पिता का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने कैमरे का आईडी और पासवर्ड देने के बदले 1500 रुपये की मांग की। मजबूरी में माता-पिता ने 1500 रुपये का भुगतान किया और एक्सेस हासिल किया। इसके बाद जब मां ने 16, 17 और 18 तारीख के फुटेज की बारीकी से जांच की, तो क्लासरूम के अंदर मासूम को बेरहमी से पीटे जाने के साफ सबूत कैमरे में कैद मिले।
पॉक्सो और JJ एक्ट में केस दर्ज, आया सलाखों के पीछे
सीसीटीवी फुटेज में सबूत मिलने के तुरंत बाद माता-पिता ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्कूल प्रशासन, आरोपी टीचर और स्टाफ के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी आया (केयरटेकर) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी टीचर की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।