पिता की खौफनाक करतूत, चॉकलेट-वड़ापाव का लालच देकर नहर में फेंके दो मासूम बेटे
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही दो सगे मासूम बेटों को जिंदा नहर में फेंकने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पैठण तालुका के नांदर गांव में रहने वाले 40 वर्षीय सोमनाथ दामोदर रोडगे ने अपने 7 वर्षीय बेटे आर्यन और 5 वर्षीय बेटे श्याम को उस वक्त मौत के मुंह में धकेल दिया, जब वे मासूम अपने पिता से रहम की भीख मांगते रहे। वारदात के बाद से दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और नहर में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता सोमवार शाम करीब 7 बजे दोनों बच्चों को चॉकलेट और वड़ापाव खिलाने का झांसा देकर अपनी स्कूटी पर बैठाकर घर से निकला था। वह दोनों को सीधे जायकवाड़ी परियोजना की बाईं नहर (लेफ्ट कैनाल) पर ले गया और बारी-बारी से उन्हें गहरे पानी में फेंक दिया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और राहगीरों ने जब बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसने ग्रामीणों पर पथराव शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए भागने की फिराक में लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही पाचोड़ पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी सोमनाथ रोडगे को हिरासत में ले लिया। पाचोड़ पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन पंडित के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपने दोनों बेटों को नहर में फेंकने का गुनाह कबूल कर लिया है। घटना के बाद से पुलिस, स्थानीय गोताखोर और दमकल विभाग की टीमें तेज बहाव और लंबे जलमार्ग के बीच बच्चों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी मासूमों का कोई पता नहीं चल सका है। आखिर एक पिता ने अपने ही जिगर के टुकड़ों के साथ इतनी खौफनाक दरिंदगी क्यों की, पुलिस इस खौफनाक राज से पर्दा उठाने में जुटी है।