बिलासपुर मंडल में 13 दिन भारी परेशानी! चांपा स्टेशन पर काम के चलते कई ट्रेनें कैंसिल और शॉर्ट टर्मिनेट

बिलासपुर मंडल में 13 दिन भारी परेशानी! चांपा स्टेशन पर काम के चलते कई ट्रेनें कैंसिल और शॉर्ट टर्मिनेट

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने और ऑटो सिग्नलिंग के काम के कारण 6 से 18 दिसंबर तक 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस अवधि में 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी, 6 ट्रेनें अपने गंतव्य से पहले समाप्त कर दी जाएंगी, जबकि 11 ट्रेनों के 1 से 9 घंटे तक देरी से चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का कार्य अब अंतिम चरण में है। इसी के तहत चांपा स्टेशन को नई लाइन से जोड़ने तथा चांपा-जांजगीर नैला रेलखंड में ऑटो सिग्नलिंग का कार्य पूरा किया जाना है, जिसके चलते अस्थायी रूप से ट्रेनों की आवाजाही में बदलाव किया गया है।

यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 7 से 18 दिसंबर के बीच कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) के संचालन में भी बदलाव किया है। इस दौरान यह ट्रेन कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था मिल सकेगी।

चौथी रेल लाइन परियोजना पूर्ण होने के बाद बिलासपुर-झारसुगुड़ा मार्ग पर ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होंगे। इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव घटेगा, रेलखंड की परिचालन क्षमता में बढ़ोतरी होगी, ट्रेनों के समयपालन में सुधार आएगा और भविष्य में नई ट्रेनें चलाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।