जश्न के बाद मौत का तांडव, केक काटकर लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश के नवनिर्मित मैहर जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। मंगलवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 (NH-30) पर एक तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) कार और चलते ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पूरी घटना देहात पुलिस थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास की है।
अमरपाटन में चल रहा था जश्न, लौटते वक्त काल बन आया हाइवे
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा परिवार अमरपाटन में जिला उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। वहां खुशी का माहौल था, नाच-गाना और जश्न चल रहा था।
रात को कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग एसयूवी कार में सवार होकर वापस मैहर लौट रहे थे। रात के करीब 1 बजे जैसे ही उनकी कार NH-30 पर रिगरा गांव के पास पहुंची, तभी अचानक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोग बुरी तरह अंदर ही फंस गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, गैस कटर से काटनी पड़ी गाड़ी
हादसा इतना भयानक था कि इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और हाइवे पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कार की स्थिति देखकर हर कोई दंग रह गया।
सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार के भीतर फंसे लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोहे की चादरों को काटकर पांचों युवकों के शवों को बाहर निकाला गया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को तुरंत अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।