दिल्ली में कल बड़ा चक्काजाम! राजीव चौक, कश्मीरी गेट समेत 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने की तैयारी, देखें पूरी लिस्ट

दिल्ली में कल बड़ा चक्काजाम! राजीव चौक, कश्मीरी गेट समेत 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने की तैयारी, देखें पूरी लिस्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP (सिटीजंस फॉर जस्टिस एंड पीस) के व्यापक विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हो गई हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने और संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को औपचारिक पत्र लिखकर एहतियाती कदम उठाने का आग्रह किया है।

पुलिस की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में 9 अक्टूबर की रात 9:00 बजे से लेकर 10 अक्टूबर को स्थिति सामान्य होने तक राजधानी के 57 संवेदनशील मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार पूरी तरह बंद करने तथा इन रूटों पर ट्रेनों के फेरे सीमित करने की सिफारिश की गई है। कुल 416 किलोमीटर लंबे नेटवर्क और 12 लाइनों में फैले 303 स्टेशनों वाले दिल्ली मेट्रो तंत्र पर इस कदम से आम यात्रियों की आवाजाही सीधे तौर पर प्रभावित हो सकती है।

दिल्ली पुलिस द्वारा DMRC को भेजी गई सूची में लुटियंस दिल्ली, मध्य, उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली के कई व्यस्ततम इंटरचेंज और प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। पुलिस के प्रस्ताव के अनुसार जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, उद्योग भवन (सेवा तीर्थ), मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, आरके आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, आईएनए (दोनों लाइनें), हौज खास, जोरबाग, अर्जनगढ़, सराय काले खां-निजामुद्दीन, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, कालिंदी कुंज, जसोला, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, जीटीबी नगर, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, शालीमार बाग, सीलमपुर, मौजपुर, जाफराबाद, सीलमपुर-स्वागत, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी पूर्व और रोहिणी पश्चिम स्टेशनों पर पाबंदियां लागू की जा सकती हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटा जा सके।