यूके जाने से रोके जाने पर दिल्ली HC पहुंचे सौरव दास, केंद्र ने बताया मुंबई पुलिस ने जारी किया था LOC

यूके जाने से रोके जाने पर दिल्ली HC पहुंचे सौरव दास, केंद्र ने बताया मुंबई पुलिस ने जारी किया था LOC

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-कन्वीनर सौरव दास को यूनाइटेड किंगडम जाने से रोकने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई की। अदालत में सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। जस्टिस अमित महाजन ने यात्रा प्रतिबंध और एलओसी जारी किए जाने की परिस्थितियों पर केंद्र सरकार से विस्तृत जवाब तलब किया है।

सौरव दास को 24 नवंबर की सुबह यूके में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन दिल्ली हवाई अड्डे पर उन्हें रोक दिया गया। अदालत में केंद्र की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने पीठ को जानकारी दी कि मुंबई पुलिस द्वारा 23 नवंबर को यह सर्कुलर निकाला गया था, जिसकी प्रति याचिकाकर्ता को उपलब्ध नहीं कराई जा सकी थी।

वहीं, सौरव दास की तरफ से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने दलील दी कि उनके मुवक्किल को किसी भी एलओसी, उसके आधार अथवा उसके उद्देश्य की पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। दास ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी समेत कई विदेशी संस्थानों में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर व्याख्यान देने के लिए जा रहे थे। याचिकाकर्ता का आरोप है कि 23 नवंबर की रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से पहले इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक लिया गया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी बात रखते हुए दास ने दावा किया कि अधिकारियों की इस कार्रवाई का मकसद विदेशी विश्वविद्यालयों में छात्रों को संबोधित करने से रोकना था। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में भारतीय छात्रों द्वारा आयोजित सत्रों में हिस्सा लेना था। मंगलवार 24 नवंबर की रात 1 बजे की उड़ान के लिए जब वह सोमवार रात करीब 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचे, तब इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दौरान उन्हें यात्रा करने से वंचित कर दिया गया।