दिल्ली जाने वाले सावधान! राजधानी और संपूर्ण क्रांति समेत ये ट्रेनें अचानक रद्द, घर से निकलने से पहले देखें लिस्ट
राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले बड़े प्रदर्शन के चलते रेल यातायात पर बड़ा असर पड़ा है। मध्य दिल्ली, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन के आसपास भीषण सड़क जाम की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एहतियातन कई अहम मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। रेलवे के कोचिंग निदेशालय ने 9 अक्टूबर को आधिकारिक आदेश जारी कर साफ किया है कि प्रभावित ट्रेनों को रास्ते में फंसाने के बजाय उनके शुरुआती स्टेशन से ही रवाना नहीं किया जाएगा।
रेलवे आदेश के अनुसार, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने मूल स्टेशनों से चलने वाली वे ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिन्हें 10 अक्टूबर की सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था। रेलवे प्रशासन का यह कदम पुराने कड़वे अनुभव के बाद उठाया गया है। इससे पहले भी दिल्ली में बड़े प्रदर्शनों के दौरान भारी ट्रैफिक की वजह से करीब 5,000 मुसाफिर समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सके थे और उनकी ट्रेनें छूट गई थीं। उस अव्यवस्था को दोबारा दोहराने से बचाने के लिए इस बार ट्रेनों को पहले ही निरस्त किया जा रहा है।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में मुंबई राजधानी एक्सप्रेस (22221), तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309), संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट (12393), अमृत भारत एक्सप्रेस (22361) समेत पटना से दिल्ली आने वाली कई अहम गाड़ियां शामिल हैं। अगर आपने 9 या 10 अक्टूबर को दिल्ली यात्रा के लिए टिकट बुक करा रखा है, तो घर से निकलने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES), रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या 139 हेल्पलाइन के जरिए अपनी ट्रेन का लाइव रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें। ट्रेन निरस्त होने की दशा में वैकल्पिक यात्रा साधनों का रुख करें ताकि स्टेशन पर बेवजह की परेशानी से बचा जा सके।