सुप्रीम कोर्ट में विजय सरकार ने मांगी बिना शर्त माफी, जानें पूरा मामला
तमिलनाडु सरकार ने 24 नवंबर को थिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून पर पारंपरिक दीप न जलाए जाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के समक्ष औपचारिक रूप से माफी मांगी है। राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने प्रस्तावित टीम को इस काम के लिए अधिकृत करने से इनकार कर दिया था, जिस वजह से आदेश का अनुपालन संभव नहीं हो सका। मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा की ओर से दाखिल स्टेटस रिपोर्ट में जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ को अवगत कराया गया कि जिला प्रशासन ने 20 नवंबर के अदालती आदेश को लागू करने के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर ली थीं, जिसके तहत मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित टीम के जरिए दीप प्रज्वलित किया जाना था।
रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने 24 नवंबर को एक प्रस्ताव पारित करते हुए सुझाई गई टीम को अनुमति नहीं दी और इसके बदले कार्तिगई महादीपम को उसके पारंपरिक स्थान पर ही जलाने की पुरानी प्रथा का पालन करने का निर्णय लिया। इसी कारण मंगलवार को सालाना कार्तिगई दीपम मदुरै की थिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर बने पत्थर के खंभे यानी दीपाथून पर न जलकर केवल पारंपरिक उचिपिल्लायर मंडपम में ही प्रज्वलित किया गया। जिला कलेक्टर ने अदालत में स्पष्ट किया कि उनकी ओर से अदालत के किसी भी निर्देश की जानबूझकर अवहेलना नहीं की गई है और वे शीर्ष अदालत के आदेशों का पूरा सम्मान करते हैं।
कलेक्टर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए अदालत से कहा कि वे दीपाथून पर दीया न जला पाने के लिए व्यक्तिगत रूप से खेद व्यक्त करते हैं, क्योंकि प्रशासन ने देवस्थानम से मंजूरी लेने के भरसक प्रयास किए थे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पूरे मामले से जुड़े सभी सहायक दस्तावेजों के साथ एक अतिरिक्त स्टेटस रिपोर्ट जल्द कोर्ट में पेश की जाएगी। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली मुख्य याचिका पर अंतिम सुनवाई अगले साल जनवरी में तय की है जिसमें दीप जलाने की अनुमति दी गई थी, साथ ही पीठ इस प्रकरण से जुड़ी अवमानना याचिकाओं पर भी विचार कर सकती है।