अक्टूबर की शुरुआत में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
अक्टूबर की शुरुआत के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। कहीं मौसम शुष्क रहने वाला है तो कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उत्तर भारत के कई हिस्सों से मॉनसून की विदाई लगभग तय हो चुकी है, जबकि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर बना रह सकता है। दक्षिण भारत में भी केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आसपास के राज्यों में बारिश के आसार हैं।
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत से मॉनसून की विदाई
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों से मॉनसून की वापसी हो सकती है। इसके बाद इन इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना है।
हालांकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में अभी मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल नहीं हुई हैं। ऐसे में इन राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है।
पहाड़ों पर बारिश के साथ हल्की बर्फबारी के आसार
1 अक्टूबर को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का अलग रंग देखने को मिल सकता है। चमोली और हेमकुंड साहिब के आसपास के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी या बर्फ की चादर बनने जैसी स्थिति बन सकती है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
1 से 6 अक्टूबर तक इन इलाकों में बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 5 और 6 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 1-2 अक्टूबर और फिर 5-6 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 3 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। विदर्भ में 5-6 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 2-6 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी क्षेत्र वाले पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 से 6 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। झारखंड में 1-2 अक्टूबर और बिहार में 3-6 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।