img

भारतीय क्रिकेट जगत के लिए आज का दिन एक बुरी खबर लेकर आया है। भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर, सिक्सर किंग सलीम दुर्रानी का गुजरात के जामनगर में निधन हो गया है। वह 88 साल के थे। बता दें कि तेंदुलकर जैसे दिग्गज उनकी मौत पर शोक जता रहे हैं।

सलीम दुर्रानी को कैंसर की बीमारी थी। रविवार तड़के उनका निधन हो गया। दुर्रानी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पहले क्रिकेटर हैं। उन्होंने भारत के लिए 29 टेस्ट खेले। इसमें उन्होंने 1202 रन बनाए। इसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक भी शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने 75 विकेट भी लिए।

दुर्रानी का जन्म 11 दिसंबर 1934 को अफगानिस्तान के काबुल में हुआ था। मगर जब वह 8 महीने के थे तो उनका परिवार पाकिस्तान के कराची में बस गया। इंडिया-पाकिस्तान का बंटवारा होने पर उनकी फैमिली इंडिया आ गई थी। उनके दादा काबुल में एक फुटबॉलर थे।

दुर्रानी भारतीय टीम के एक हरफनमौला क्रिकेटर के रूप में मशहूर थे। उन्होंने 1960 में मुंबई में ऑस्ट्रेलिया के विरूद्ध टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया। दर्शकों की डिमांड पर छक्के लगाने में उनका अहम योगदान रहा। दुर्रानी ने क्रिकेट जगत के साथ-साथ बॉलीवुड में भी काम किया। 1973 में क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद, उन्होंने उस वक्त की सबसे खूबसूरत नायिका मानी जाने वाली परवीन बाबी के साथ 'चरित्र' नामक मूवी में अभिनय किया।

--Advertisement--