पंजाब में बड़ा हादसा: पटियाला-संगरूर हाईवे पर भाखड़ा नहर का लोहे का पुल टूटा, 2 ट्रक धंसे, एक में लगी भीषण आग

पंजाब में बड़ा हादसा: पटियाला-संगरूर हाईवे पर भाखड़ा नहर का लोहे का पुल टूटा, 2 ट्रक धंसे, एक में लगी भीषण आग

पंजाब में पटियाला-संगरूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार तड़के एक बड़ा और भयावह हादसा सामने आया, जहां पसियाना गांव के पास भाखड़ा नहर पर बना करीब 150 फीट लंबा लोहे का पुल अचानक भरभराकर टूट गया। जिस वक्त यह ढांचा ढहा, उस समय पुल के अंतिम छोर से गुजर रहे दो भारी ट्रक सीधे मलबे के साथ नीचे धंस गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों में से एक ट्रक में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद जलते ट्रक की आग पर काबू पाया।

पुल टूटने के बाद भाखड़ा नहर का तेज बहाव मलबे के ऊपर से बहने लगा, जिससे आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों सिरों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाकर यातायात को पूरी तरह रोक दिया है और रूट डायवर्ट कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों में कुल कितने लोग सवार थे और उनकी मौजूदा स्थिति क्या है, राहत दल इसका पता लगाने में जुटे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, साल 2016 में बनकर तैयार हुए इस पुल में पिछले वर्ष कुछ दरारें देखी गई थीं, जिसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसकी मरम्मत करवाई थी। हालांकि, पुल के अचानक टूटने की ठोस तकनीकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और विशेषज्ञ टीमें जांच में जुटी हैं कि लोड अधिक था या ढांचे में कोई गंभीर खामी रह गई थी।