अमृतसर में दिनदहाड़े मर्डर! दोस्त की हालत गंभीर, कातिलों को पकड़ने के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

अमृतसर में दिनदहाड़े मर्डर! दोस्त की हालत गंभीर, कातिलों को पकड़ने के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

पंजाब के अमृतसर ग्रामीण इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के झिते कलां गांव में पुरानी रंजिश के चलते आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता कराज सिंह के भाई तिरथ सिंह की सरेआम गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी गई।

इस खौफनाक वारदात में उनका दोस्त रणजीत सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। यह खौफनाक घटना सोमवार रात उस वक्त अंजाम दी गई जब तिरथ और रणजीत गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और पहले उनके बीच तीखी नोकझोंक व मारपीट हुई।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने करीब 7 से 8 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। खून से लथपथ तिरथ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां गांव की मौजूदा सरपंच हैं और भाई कराज सिंह ब्लॉक समिति के सदस्य हैं। अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि इस हत्याकांड के पीछे पुरानी दुश्मनी मुख्य वजह है।

मुख्य आरोपी गुरदित सिंह का कराज सिंह के परिवार से पुराना विवाद था, जिसे पहले गांव वालों ने शांत करा दिया था, लेकिन सोमवार रात यह रंजिश हत्या में बदल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों के बयान पर गुरदित सिंह, हरकीरत सिंह, गुरजंट सिंह और गोरा के खिलाफ चाटीविंड थाने में हत्या का नामजद केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।