बुलेट पर आए दो नकाबपोश, पेट्रोल भरवाया और थमा गए 'चिल्ड्रन बैंक' के नोट! गुरुग्राम में हैरान करने वाली ठगी
हरियाणा के गुरुग्राम में ठगी का एक हैरान कर देने वाला प्रकरण सामने आया है, जहां बुलेट बाइक पर आए दो नकाबपोश युवकों ने पेट्रोल पंप को चूना लगा दिया। आरोप है कि युवकों ने एक हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया और कर्मचारी को चिल्ड्रन बैंक लिखे नकली नोट थमाकर मौके से फरार हो गए। कर्मचारी के संभलने और पीछा करने से पहले ही दोनों आरोपी बाइक दौड़ाते हुए निकल गए। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है।
यह वारदात गुरुग्राम के अशोक विहार इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। पुलिस के मुताबिक बुलेट पर सवार दो युवक वहां पहुंचे थे, जिन्होंने चेहरे पर मास्क पहन रखा था लेकिन हेलमेट नहीं लगाया था। एक हजार रुपये का पेट्रोल डलवाने के बाद पीछे बैठे युवक ने कर्मचारी को नोट दिए और दोनों तेजी से वहां से भाग खड़े हुए। जब कर्मचारी ने नोटों पर गौर किया तो वे चिल्ड्रन बैंक के निकले, जिसके बाद उसने आरोपियों के पीछे दौड़ लगाई लेकिन वे हाथ नहीं आए। इससे पहले हरियाणा के कैथल में फर्जी अदालत और जज बनकर रिटायर्ड महिला टीचर से 1.23 करोड़ रुपये की ठगी का मामला भी सामने आ चुका है।
प्रकरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली और जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते हुए यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले स्प्लेंडर बाइक सवार लोग भी 500 रुपये का पेट्रोल डलवाकर इसी तरह नकली नोट थमा गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं के मद्देनजर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है।