img

नई दिल्ली॥ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर किसानों के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार की लड़ाई में पांच सौ से ज्यादा किसानों ने जान गंवाई लेकिन डरे नहीं हैं। वे आज भी खरे हैं।

Rahul Gandhi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा, ‘खेत-देश की रक्षा में, तिल-तिल मरे हैं किसान, पर ना डरे हैं किसान, आज भी खरे हैं किसान।’ उनका इशारा कृषि कानूनों के विरूद्ध किसानों के निरंतर जारी आन्दोलन की ओर था।

अपने इस ट्वीट में राहुल गांधी ने किसान आंदोलन के दौरान अब तक 500 किसानों की मौत होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा है कि किसान विरोध प्रदर्शन में अब तक 500 किसानों की जान जा चुकी है। किसानों के प्रति सरकार के गैर जिम्मेदाराना रवैये को लेकर ही कांग्रेस पार्टी केंद्र के प्रति हमलावर है।

आपको बता दें कि केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर पिछले छह महीने से ज्यादा समय से किसानो का आंदोलन जारी है। कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग के साथ पश्चिमी यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के किसान लंबे समय से दिल्ली की सीमा पर डेरा डाले हुए हैं। किसान संगठनों का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।

--Advertisement--