ड्रोन से नशे और हथियारों की खेप भेजने वाले 28 पाकिस्तानी हैंडलर बेनकाब, राजस्थान पुलिस जब्त करेगी मददगारों की जमीन
राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार, हेरोइन और विस्फोटक भेजने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों के आधार पर सीमा पार बैठे 28 पाकिस्तानी हैंडलर्स को नामजद कर लिया है। इन सभी का पूरा डोजियर तैयार कर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा जा रहा है। जांच का दायरा अब केवल ड्रोन गिराने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के भीतर सक्रिय उन स्लीपर सेल और स्थानीय मददगारों को भी खत्म करने का है जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर सुरक्षा को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
पाकिस्तानी तस्करों के नेटवर्क की रीढ़ तोड़ने के लिए राजस्थान पुलिस ने दोतरफा रणनीति बनाई है। सीमावर्ती इलाकों में जिन खेतों और जमीन के टुकड़ों का इस्तेमाल ड्रोन से गिराए गए कंसाइनमेंट को रिसीव करने या छिपाने के लिए किया जा रहा है, उनकी जियो-टैगिंग और पहचान शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन अब कानूनी प्रक्रिया के तहत देशद्रोह और स्मगलिंग में साथ देने वाले स्थानीय मददगारों की जमीन को कुर्क कर सरकारी संपत्ति घोषित करने की तैयारी में है। इसके अलावा सीमा से सटे गांवों में फैले कोरियर नेटवर्क और गाइडों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
जांच में सामने आए 28 पाकिस्तानी हैंडलर्स के नामों का ब्योरा सीमावर्ती थानों के अनुसार दर्ज किया गया है। खाजूवाला क्षेत्र में चिता, बिल्ला जट्टा और अली सक्रिय हैं, जबकि रावला इलाके में लाहौर निवासी शाह चाचा, उमर चाचा, गंजा, अहमदीन चाया, बख्शी और अली मारूफ उर्फ डोगर का नेटवर्क काम कर रहा था। समेजा कोठी में खानजी, वीरजी, हसन, अली और अहमद उर्फ चाचा के नाम सामने आए हैं। वहीं श्रीकरणपुर में वीरजी, जैतसर में याकूब, चाचा, वीरू और शिंदा तथा रामसिंहपुर इलाके में अली, जग्गा, शाहजी, हार्टबेल, चीज़ यूकेस, जसकरन वाहला और पवन भाई की भूमिका पाई गई है। इसके अलावा हनुमानगढ़ जंक्शन में अली जट्ट और गोलूवाला में याकूब के नेटवर्क को चिन्हित किया गया है।
हाल ही में श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए IED धमाके के तार भी सीधे इसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। इस साजिश में पंजाब के गुरदासपुर से देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर 'शाह' ने पैसेंजर ट्रेन को उड़ाने का जिम्मा सौंपा था। धमाके से रेलवे ट्रैक पर दो फीट गहरा गड्ढा हो गया था और सीमेंट के खंभे क्षतिग्रस्त हुए थे। गनीमत रही कि उस वक्त कोई ट्रेन वहां से नहीं गुजर रही थी। इस गंभीर साजिश के उजागर होने के बाद राजस्थान एटीएस, मिलिट्री इंटेलिजेंस और एनआईए मिलकर सीमावर्ती इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।