सुबह-सुबह मॉल में मची अफरा-तफरी! सातवीं मंजिल से गिरा युवक, मौके पर मौत

सुबह-सुबह मॉल में मची अफरा-तफरी! सातवीं मंजिल से गिरा युवक, मौके पर मौत

जयपुर के अजमेर रोड स्थित एलीमेंट मॉल में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान बनीपार्क निवासी 38 वर्षीय निजी स्कूल संचालक अभिनव राज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

बाइक पार्क कर सीधे सातवीं मंजिल पर पहुंचे थे अभिनव

थानाधिकारी विक्रम सिंह के अनुसार अभिनव राज दुर्गा मार्ग, बनीपार्क के रहने वाले थे और वहीं एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह अपनी अपाचे बाइक से घर से निकले थे। करीब साढ़े नौ बजे वह अजमेर रोड पर एलीमेंट मॉल पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक मॉल की पार्किंग में पार्क की और लिफ्ट के जरिए सीधे सातवीं मंजिल पर चले गए, जहां से उन्होंने छलांग लगा दी।

तेज आवाज सुनकर दौड़े लोग, मौके पर ही तोड़ा दम

सातवीं मंजिल से नीचे गिरने पर जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई। मॉल परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी और आम लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े, जहां अभिनव लहूलुहान हालत में पड़े थे। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिनव का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी, जिसके चलते दोनों अलग रह रहे थे। वैवाहिक विवाद और अलगाव के कारण वह पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक अवसाद में चल रहे थे। पुलिस मॉल की पार्किंग, लिफ्ट और कॉरिडोर के सीसीटीवी फुटेज की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।