जयपुर में हर शुक्रवार 'ड्राई डे'! स्वास्थ्य विभाग का बड़ा फैसला, आदेश न मानने पर होगी सख्ती
गुलाबी नगरी जयपुर में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग (जयपुर प्रथम) ने रोकथाम के लिए एक बड़ा और असरदार कदम उठाया है। विभाग की नई कार्ययोजना के तहत जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों और सरकारी दफ्तरों में हर हफ्ते शुक्रवार को अनिवार्य रूप से 'ड्राई डे' (Dry Day) मनाया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से भी सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए प्रत्येक रविवार को अपने घरों, बालकनी और आसपास के परिसरों में ड्राई डे गतिविधियां चलाकर मच्छरों के प्रजनन को रोकने का आह्वान किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने इस विशेष अभियान की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि सरकारी परिसरों और अस्पतालों में प्रत्येक शुक्रवार को व्यापक सफाई अभियान चलेगा। इसके तहत कूलर, छतों पर रखी पानी की टंकियां, गमलों की प्लेटें, कबाड़ और पानी जमा होने वाले सभी संभावित स्थानों को पूरी तरह खाली कर सुखाया जाएगा, ताकि मच्छरों के अंडे और लार्वा पूरी तरह नष्ट हो सकें। जिले के सभी प्रशासनिक कार्यालयाध्यक्षों और अस्पताल प्रभारियों को इस संबंध में सख्त दिशा-निर्देश जारी कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. शेखावत ने आमजन को आगाह करते हुए कहा कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर गंदे नालों में नहीं, बल्कि घरों के भीतर साफ और ठहरे हुए पानी में तेजी से पनपता है। इसलिए हर रविवार को घरेलू स्तर पर कूलर का पानी बदलने, फ्रिज की बैक-ट्रे साफ करने, खुले बर्तनों, पुराने टायरों और गमलों में जमा पानी को सुखाना बेहद आवश्यक है। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. मनु शेखावत ने भी रेखांकित किया कि संस्थागत स्तर पर शुक्रवार और पारिवारिक स्तर पर रविवार के इस चक्र को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाकर ही समाज को मौसमी बीमारियों और डेंगू के डंक से सुरक्षित रखा जा सकता है।