राखी बांधने मायके आई थीं बहनें, मेले में भाई को बचाते- बचाते तीनों ने गंवाई जान
पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक कुंड में डूब रहे भाई को बचाने के फेर में तीन बहनें भी गहरे पानी में समा गईं।
सरमथुरा उपखंड क्षेत्र अंतर्गत आंगई थाना इलाके के बिरजा गांव में रविवार तड़के घटे इस दर्दनाक हादसे में चार भाई-बहनों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक परिवार के साथ धार्मिक मेले में दर्शन करने पहुंचे थे, जहां यह हृदयविदारक घटना घट गई।
हीरामन बाबा धाम पर आयोजित मेले में जात लगाने आया था परिवार
आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक धौलपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के नथुआपुरा मोरोली निवासी रवि उर्फ भोलू शनिवार रात अपने परिवारजनों के साथ बिरजा गांव के समीप स्थित हीरामन बाबा के धाम पर आयोजित वार्षिक मेले में जात लगाने गया था। रविवार सुबह करीब छह बजे रवि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ धाम के पास बने कुंड में स्नान करने उतरा। नहाते वक्त उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
भाई को डूबता देख पानी में कूदीं बहनें, गहरे पानी में समाईं तीनों
रवि को पानी में तड़पता और डूबता देख किनारे मौजूद उसकी दो सगी बहनें मनोरमा और बोटो तथा एक चचेरी बहन कल्लो बिना अपनी जान की परवाह किए भाई को बचाने के लिए तुरंत कुंड के गहरे पानी में कूद पड़ीं। दुर्भाग्यवश पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण तीनों बहनें भी भाई को निकालते-निकालते गहरे कुंड में डूब गईं। चीख-पुकार सुनकर आंगई थाना पुलिस स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चारों को कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की सांसें थम चुकी थीं।
ससुराल से पीहर आई थीं दोनों सगी बहनें, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान 21 वर्षीय रवि (पुत्र लायक सिंह), उसकी सगी बहनों 22 वर्षीय मनोरमा व 25 वर्षीय बोटो (पुत्री लायक सिंह) और 18 वर्षीय चचेरी बहन कल्लो (पुत्री भभूति) निवासी नथुआपुरा मोरोली, धौलपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मनोरमा और बोटो रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाने ससुराल से अपने मायके आई हुई थीं। शनिवार रात पूरा परिवार एक साथ खुशी-खुशी मेले के लिए निकला था। पुलिस ने सरमथुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चारों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जिसके बाद पूरे गांव में मातम छा गया।