पंजाब में बिगड़ी कानून व्यवस्था, रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे की गोली मारकर हत्या

img

पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। रोजाना हत्या और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला अमृतसर से सामने आया है। यहां मैक्स सिटी कॉलोनी के पास एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक, जिस शख्स की हत्या की गई है वो एक रिटायर एएसआई का बेटा था।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रूपिंदर सिंह के रूप में हुई है और वह हाल ही में हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से छूटा था। घटना के वक्त वह अपने दोस्त के साथ इंडिया गेट की तरफ से आ रहा था। जख्मी रूपिंदर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

एसीपी ने कहा कि पुलिस कथित अपराधियों का सुराग ढूंढने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जांच जारी है। मृतक के दोस्त हरप्रीत सिंह उर्फ ​​हैप्पी ने पुलिस को बताया कि रूपिंदर सिंह के पिता कुलदीप सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई पद से रिटायर हुए थे।

उन्होंने कहा कि रूपिंदर सिंह बुरी संगत में पड़ गया था और परिवार वाले उसे ऐसे कामों से दूर करते थे। कोविड पीरिय़ के दौरान उसने कथित तौर पर काले गांव के राजकुमार की हत्या कर दी थी और उसे अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया था।

करीब डेढ़ माह पहले वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। उन्होंने बताया कि आज वह अपने दोस्तों के साथ छेहरटा जा रहे थे और जब उनकी कार मैक्स सिटी के पास पहुंची तो एसयूवी में सवार चार युवक आए और चलती गाड़ी से उन्हें गोली मारकर फरार हो गए। कत्ल के पीछे पुरानी रंजिश भी हो सकती है।

Related News