26 गेंदों में 65 रन और बन गया इतिहास! पोलार्ड ने बटलर से छीना T20 का नंबर-1 ताज
वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि टी20 फॉर्मेट में उनकी बादशाहत का कोई सानी नहीं है। कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हुए पोलार्ड ने इतिहास रच दिया है।
उन्होंने इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का ताज दोबारा अपने सिर सजा लिया है। पोलार्ड ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मात्र 26 गेंदों पर 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 65 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि उनकी इस आतिशी पारी के बावजूद ट्रिनबागो की टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
जोस बटलर को पीछे छोड़ पोलार्ड पहुंचे नंबर-1 पर
इस धमाकेदार अर्धशतक के साथ 39 वर्षीय कीरोन पोलार्ड के नाम अब टी20 क्रिकेट में कुल 14,921 रन दर्ज हो चुके हैं। पोलार्ड ने यह मुकाम 749 मैचों की 666 पारियों में हासिल किया है, जिसमें 2 शतक और 71 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं जोस बटलर अब 14,890 रनों के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं। बटलर ने 526 मुकाबलों की 495 पारियों में 9 शतक और 106 अर्धशतकों की मदद से यह रन बनाए हैं। दोनों दिग्गजों के बीच शीर्ष स्थान को लेकर बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाज
क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दिग्गजों की सूची में क्रिस गेल, एलेक्स हेल्स और डेविड वॉर्नर जैसे धाकड़ खिलाड़ी शीर्ष 5 में शामिल हैं। वहीं भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 6ठे पायदान पर मौजूद हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली अब भी आईपीएल में सक्रिय हैं और शीर्ष क्रम में लगातार अपनी स्थिति मजबूत बनाए हुए हैं।
सेंट लूसिया किंग्स ने 36 रनों से जीता मुकाबला, ट्रिनबागो की हार की हैट्रिक
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट लूसिया किंग्स ने टिम साइफर्ट के धमाकेदार शतक के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। विरोधी बल्लेबाजों के तूफान के बीच ट्रिनबागो के स्पिनर सुनील नरेन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 27 रन देकर 1 विकेट झटका। जवाब में 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन ही बना सकी। पोलार्ड की 65 रनों की कप्तानी पारी और नरेन के 14 गेंदों पर 25 रनों के योगदान के बाद भी सेंट लूसिया किंग्स ने यह मैच 36 रनों के अंतर से अपने नाम कर लिया। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को इस सीजन 4 मैचों में यह तीसरी हार झेलनी पड़ी है।