57 गेंदों में ठोका शतक, 20 ओवर में बने 268 रन! सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आया इस बल्लेबाज का तूफान
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भारतीय बल्लेबाजों का आक्रामक अंदाज देखने को मिल रहा है और घरेलू टी20 मुकाबलों में रनों की बरसात हो रही है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में केरल और हिमाचल प्रदेश आमने-सामने आए, जहां सलामी बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शानदार शतक जड़ा, जबकि कप्तान संजू सैमसन ने भी तेजतर्रार पारी खेलकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
केरल और हिमाचल प्रदेश के बीच हुए इस मैच में ओपनिंग करने उतरे मोहम्मद अजहरुद्दीन ने महज 57 गेंदों पर 101 रनों की धुआंधार पारी खेली। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान संजू सैमसन ने भी 21 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 209.52 का रहा।
अजहरुद्दीन और संजू के अलावा मध्य व निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी रन गति को तेज रखा। विष्णु विनोद ने 11 गेंदों पर 22 रन और सलमान निजार ने 15 गेंदों पर 26 रन जोड़े, जबकि निचले क्रम में उतरे अब्दुल बासित ने सिर्फ 5 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की बदौलत 24 रन ठोक दिए। इन पारियों के दम पर केरल ने निर्धारित 20 ओवरों में महज चार विकेट खोकर 268 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
एक अन्य मुकाबले में मुंबई ने उत्तराखंड के खिलाफ 86 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव सिर्फ एक रन बना सके और शिवम दुबे पहली ही गेंद पर आउट हो गए, लेकिन मुशीर खान ने 40 गेंदों पर 65 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और मुंबई ने आसान जीत हासिल कर ली।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का मौजूदा लीग चरण आज समाप्त हो रहा है, जिसके बाद 30 नवंबर से सुपर लीग के मुकाबले शुरू होंगे और 6 दिसंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सुपर लीग में किन टीमों का दबदबा रहता है और कौन सी टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाती है।