6 ओवर में 115 रन बनाकर भी हारा ऑस्ट्रेलिया! अफगानी पठानों ने तोड़ा कंगारुओं का घमंड, फाइनल में किया बड़ा उलटफेर
हांगकांग के मोंग कोक स्थित मिशन रोड ग्राउंड में खेले गए हांगकांग सुपर सिक्सेस 2026 के खिताबी मुकाबले में अफगानिस्तान ने इतिहास रच दिया है। रविवार, 1 नवंबर को खेले गए फाइनल में गुलबदीन नईब की अगुवाई वाली अफगान टीम ने ताकतवर ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से करारी शिकस्त देकर पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रोमांचक खिताबी भिड़ंत में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 6 ओवरों में 4 विकेट खोकर 115 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में अफगानिस्तान ने तूफानी तेवर दिखाते हुए महज 5.1 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
अफगानिस्तान की खिताबी जीत का नायक कौन
खिताबी जंग में अफगानिस्तान की खिताबी जीत के सबसे बड़े नायक इमरान नजीर साबित हुए। 116 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगान टीम की शुरुआत झटकों भरी रही, जब 15 के स्कोर पर करीम जनत और 32 के स्कोर पर कप्तान गुलबदीन नईब (17 रन) पवेलियन लौट गए। इसके बाद क्रीज पर आए इमरान नजीर ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। नजीर ने महज 14 गेंदों में 7 गगनचुंबी छक्के और 2 चौके जड़ते हुए नाबाद 53 रनों की आतिशी पारी खेली। दूसरे छोर पर उनका पूरा साथ फरमाउल्लाह सैफी ने निभाया, जिन्होंने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए केवल 21 गेंदों में हुई 87 रनों की नाबाद साझेदारी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बनाकर 5 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी।
पूरे टूर्नामेंट में अफगानिस्तान का विजय रथ अजेय रहा और टीम ने ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल तक किसी भी विरोधी को टिकने नहीं दिया। लीग स्टेज में अफगान टीम ने दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को 3 विकेट से हराकर सनसनी मचाई थी। इसके बाद ओमान को 4 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को 21 रनों से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया था, और अंत में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को मात देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।