4 साल बाद छिना जडेजा का ताज! मार्को यानसन ने किया बड़ा उलटफेर, बने दुनिया के नंबर 1 टेस्ट ऑलराउंडर
दक्षिण अफ्रीका के स्टार क्रिकेटर मार्को यानसन ने क्रिकेट जगत में तहलका मचाते हुए ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग (ICC Test Rankings) में इतिहास रच दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गकेबरहा (Gqeberha) टेस्ट में गेंद और बल्ले से गदर काटने वाले यानसन अब टेस्ट क्रिकेट के नए नंबर-1 गेंदबाज और नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं। इस ऐतिहासिक छलांग के साथ ही उन्होंने भारतीय दिग्गज रवींद्र जडेजा की बादशाहत खत्म कर दी है, जो पिछले चार सालों से भी ज्यादा समय से दुनिया के नंबर-1 टेस्ट ऑलराउंडर की कुर्सी पर काबिज थे।
कंगारुओं के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 85 रनों की शानदार पारी खेलने के साथ-साथ पहली पारी में 5 विकेट झटकने वाले बाएं हाथ के इस अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने अपनी टीम को 1-1 से सीरीज बराबरी कराने में सबसे अहम भूमिका निभाई। यानसन ने गेंदबाजों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मिचेल स्टार्क को पछाड़ा है और बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी 13 पायदान की जबरदस्त छलांग लगाकर 56वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वहीं दूसरी तरफ, साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी 179 रनों की अपनी ऐतिहासिक पारी के दम पर बल्लेबाजों की रैंकिंग में चार पायदान ऊपर उठकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है, जहां अब उनसे आगे सिर्फ इंग्लैंड के हैरी ब्रूक मौजूद हैं। इसके अलावा ताजा रैंकिंग अपडेट में ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड टेस्ट गेंदबाजों में छठे और दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर ऑलराउंडर्स की लिस्ट में 15 स्थानों की लंबी छलांग के साथ आठवें पायदान पर आ गए हैं।