पूर्वी लद्दाख में LAC पर चीन के साथ 10 माह से चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए 11वें दौर की सैन्य कमांडर स्तर की वार्ता आज शुक्रवार को सुबह 11 बजे से मोल्डो-चुशुल मीटिंग प्वाइंट पर होगी। मई, 2020 से शुरू हुए सीमा तनाव को हल करने के लिए इंडिया और चीन के बीच अबतक 10 बार सैन्य वार्ता हो चुकी हैं। 9वें दौर की वार्ता के बाद पैन्गोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारों से दोनों देश की सेनाएं पीछे हटी हैं।
इंडिया और चीन के बीच 11वें दौर की बातचीत ऐसे वक्त में हो रही है जब 12 मार्च को हुए क्वाड देशों के पहले शिखर सम्मेलन को लेकर चीन की बढ़ती बेचैनी साफ नजर आ रही है। दोनों देशों की सेनाओं के कोर कमांडर-रैंक के अधिकारियों के बीच 10वें दौर की बातचीत 20 फरवरी को हुई थी। करीब 16 घंटे चली इस बैठक में पूर्वी लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और डेप्सांग जैसे गतिरोध वाले बिंदुओं से सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया था। दोनों देशों के सैन्य कमांडरों के बीच पैन्गोंग झील के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर की तरह इन विवादित इलाकों से भी सैनिकों, हथियारों तथा अन्य सैन्य उपकरणों को हटाए जाने पर गहन मंथन किया गया।
इस बैठक का मुख्य मुद्दा रक्षा मंत्री ने 11 फरवरी को संसद के दोनों सदनों में बयान देते वक्त ही तय कर दिया था कि पैन्गोंग झील के उत्तरी और दक्षिण किनारों पर पूरी तरह डिसइंगेजमेंट होने के 48 घंटे के भीतर बाकी विवादित इलाकों पर भी चीन से बातचीत की जाएगी। इसलिए 16 घंटे की इस वार्ता में एलएसी के अन्य विवादित क्षेत्रों हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा, डेप्सांग और डेमचोक में गतिरोध खत्म करने पर ही फोकस किया गया। अब आज की वार्ता में इन्हीं इलाकों से डिसइंगेजमेंट होने पर ध्यान केन्द्रित किया जाना है।