
नए कृषि कानूनों के विरूद्ध किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए विरोधी दल सरकार को घेरने में जुटे हैं। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने केन्द्र सरकार को नसीहत दी है। उन्होंने इन कानूनों पर पुनर्विचार करने को कहा है।
मायावती ने रविवार को अपने ट्वीट में कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा कृषि से सम्बन्धित हाल में लागू किए गए तीन कानूनों को लेकर अपनी असहमति जताते हुए पूरे देश में किसान काफी आक्रोशित व आन्दोलित भी हैं। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर, किसानों की आम सहमति के बिना बनाए गए, इन कानूनों पर केन्द्र सरकार अगर पुनर्विचार कर ले तो बेहतर।
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को आतंकवादी कहकर अपमानित करना BJP का निकृष्टतम रूप है। ये अमीरों की पक्षधर BJP का खेती-खेत, छोटा-बड़ा व्यापार, दुकानदारी, सड़क, परिवहन सब कुछ, बड़े लोगों को गिरवी रखने का षड्यंत्र है। अगर BJP के अनुसार किसान आतंकवादी हैं तो BJPई उनका उगाया न खाने की कसम खाएं।
अखिलेश ने इससे पहले कहा कि किसानों पर इतना अन्याय कभी नहीं हुआ। अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर आंसू गैस छोड़ना, वाटर कैनन से पानी की बौछार करना और लाठियां बरसाना कहां की सभ्यता है। यह तो सरकार का आतंकी हमला है। उन्होंने कहा कि BJP ने इन्हीं किसानों से वादा किया था कि उनकी आय दोगनी करेंगे।
लागत का ड्योढ़ा मूल्य देंगे। इन वादों का क्या हुआ। BJP राज में धान की लूट हुई, किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिला। पंजाब, हरियाणा ही नहीं उत्तर प्रदेश के किसान भी BJP की कुनीतियों से आंदोलित और आक्रोशित है।
उन्होंने कहा कि किसान की मदद करनी है तो सरकार उनको बाजार के भरोसे नहीं छोड़े। उससे भलाई नहीं होगी। किसान और व्यापार का पुराना रिश्ता है। BJP ने खेती और व्यापार दोनों को बर्बाद किया है। मिसकाल व्यवस्था से BJP दुनिया की बड़ी पार्टी बनने का दावा तो करती है पर वह मिसकाल में उस जगह का पता नहीं बताती जहां किसान धान पहुंचाए, उसको फसल की सही कीमत मिले। और नौजवान को जहां रोजगार हासिल हो सके। समाजवादी काले कानून के विरूद्ध है। समाजवादी पार्टी किसानों की मांगों का समर्थन करती हैं।
--Advertisement--