पढ़ाई के बहाने ननिहाल गई 16 वर्षीय छात्रा से दरिंदगी, गर्भ ठहरने पर कराया गर्भपात
उत्तर प्रदेश के कानपुर और कन्नौज शहर से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पढ़ाई करने ननिहाल गई 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक दरिंदगी की गई। पीड़िता जब गर्भवती हो गई तो मामले पर पर्दा डालने के लिए परिजनों की मिलीभगत से उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर कानपुर के रावतपुर थाने में पॉक्सो और दुष्कर्म समेत कई संगीन धाराओं में शून्य प्राथमिकी (जीरो एफआईआर) दर्ज की गई है। इस मामले में रिश्ते के मामा, उसके दोस्त, नाना-नानी और मामी समेत कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है।
मूल रूप से कानपुर के रावतपुर क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते में लगने वाले मामा और उसके एक साथी ने किशोरी को डरा-धमकाकर कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया। लगातार मिल रही धमकियों के चलते छात्रा दहशत में रही और किसी से आपबीती नहीं बता सकी। इसी बीच जब छात्रा करीब 4 महीने 20 दिन की गर्भवती हो गई, तब परिजनों को मामले की भनक लगी। बदनामी के डर से सच्चाई सामने लाने के बजाय आरोपियों ने साठगांठ कर पीड़िता का गर्भपात करा दिया।
बेटी की हालत बिगड़ने पर जब मां को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई, तो उन्होंने फौरन पुलिस के उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। रावतपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार के मुताबिक, चूंकि घटनास्थल कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र का है, इसलिए केस डायरी अग्रिम जांच और विधिक कार्यवाही के लिए संबंधित थाने भेजी जा रही है। पुलिस अब पीड़िता के बयान दर्ज कराने के साथ ही मेडिकल रिपोर्ट और गर्भपात से जुड़े चिकित्सीय दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जा सके।