मिशन यूपी के लिए भाजपा का 'सुपर-50' प्लान: सांसदों-विधायकों को मिला अल्टीमेटम, 5 दिसंबर तक का डेडलाइन तय

मिशन यूपी के लिए भाजपा का 'सुपर-50' प्लान: सांसदों-विधायकों को मिला अल्टीमेटम, 5 दिसंबर तक का डेडलाइन तय

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने एक अहम वर्चुअल बैठक में सभी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLCs) को 5 दिसंबर तक बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया है।

इस योजना के तहत प्रत्येक भाजपा विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 50 'चौपाल' आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि लोकसभा सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्रों में 10-10 चौपालें लगानी होंगी। जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक नहीं हैं या जहां संगठन की पकड़ कमजोर मानी जाती है, वहां की कमान पार्टी के एमएलसी और राज्यसभा सांसदों को सौंपी गई है, ताकि 5 दिसंबर तक हर मतदाता वर्ग तक सीधी पहुंच सुनिश्चित की जा सके। इस समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि वर्चुअली शामिल हुए, जहां चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रगति का भी जायजा लिया गया।

चुनावी वैतरणी पार करने के लिए भाजपा ने मथुरा में आयोजित दो दिवसीय मंथन सत्र के दौरान तीन-आयामी रणनीति—विकास, सख्त कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान—को अपना मुख्य हथियार बनाया है। 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर युवा वोटरों को जोड़ने के लिए खास तौर पर सक्रिय रहने को कहा गया है और मथुरा की धरती से "राधे राधे, कमल खिला दे" जैसे नारों के साथ जनसंवाद बढ़ाने का मंत्र दिया गया है। बैठक के दौरान कुछ वरिष्ठ नेताओं ने जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी और शिकायतों को समय रहते दूर करने की सलाह दी, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे जनता के बीच पिछले दस वर्षों के दौरान हर वर्ग के हित में किए गए विकास कार्यों का ब्योरा मजबूती से रखें। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकाल के कथित 'जंगल राज' और मौजूदा सुशासन व कानून-व्यवस्था की खुली तुलना जनता के सामने रखकर सीधा फर्क समझाने का आह्वान किया।