'सपा के लिए मुस्लिम सिर्फ वोट बैंक', मेनिफेस्टो पर भड़के मुस्लिम धर्म गुरू, अखिलेश यादव पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी द्वारा अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश का सियासी पारा गरमा गया है। बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शाहबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए घोषणा पत्र पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। मौलाना रजवी ने सपा पर मुस्लिम समुदाय की प्राथमिकताओं को पूरी तरह नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी को मुसलमानों के वोट की जरूरत तो है, लेकिन उनके बुनियादी मुद्दों और विकास के लिए मेनिफेस्टो में कोई स्पष्ट और ठोस रूपरेखा पेश नहीं की गई है।
मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने कहा कि सपा के घोषणा पत्र में शिक्षा, रोजगार, बिजली, सड़क और आम विकास से जुड़ी बातें तो शामिल हैं, मगर मुस्लिम आबादी के आर्थिक पिछड़ेपन, तालीमी सुधार और सामाजिक सुरक्षा को लेकर चुप्पी साध ली गई है। उन्होंने सीधा सवाल दागा कि जब समाजवादी पार्टी चुनाव में मुस्लिम वर्ग से पूरा समर्थन चाहती है, तो उनके वास्तविक अधिकारों और चिंताओं को घोषणा पत्र में जगह क्यों नहीं दी गई। मौलाना ने दो टूक शब्दों में आरोप लगाया कि सपा मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करती आ रही है और उनके कल्याण के लिए किसी भी ठोस योजना का भरोसा नहीं देती।
अपने बयान में मौलाना रजवी ने अखिलेश यादव के 2012 से 2017 तक रहे मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए उनके कानून-व्यवस्था के दावों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज घोषणा पत्र में गुंडागर्दी और अराजकता खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि अखिलेश सरकार के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था की क्या हालत थी, यह राज्य की जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने उस दौर के चर्चित नारों की याद दिलाते हुए सपा की पिछली कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया।
घोषणा पत्र को सिरे से खारिज करते हुए मौलाना रजवी ने इसे 'बकवास और वाहियात' करार दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी अगर मुस्लिम मतों की उम्मीद कर रहे हैं, तो उन्हें इन गंभीर सवालों के जवाब देने होंगे। उन्होंने साफ किया कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुस्लिम समाज सपा के इन रुख और वादों का पूरा हिसाब मांगेगा।