AIMIM को बड़ा झटका: तेजतर्रार प्रवक्ता आसिम वकार कांग्रेस में शामिल, बोले- बीजेपी को हराना है तो यही एकमात्र विकल्प
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पूर्व प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद आसिम वकार ने बुधवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस का दामन थाम लिया।
पार्टी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने तिरंगा पटका पहनकर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन व राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी मंच पर मौजूद रहे।
'बीजेपी से लड़ने का दावा करने वाले अपनों से ही लड़ रहे' — आसिम वकार
कांग्रेस में शामिल होने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में सैयद आसिम वकार ने अपनी पुरानी पार्टी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश से सच्चा प्रेम करने वाले और भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की इच्छा रखने वाले हर व्यक्ति के लिए कांग्रेस के मंच पर आना जरूरी हो चुका है। वकार ने आरोप लगाया कि एआईएमआईएम में रहते हुए उन्होंने महसूस किया कि पार्टी जुबानी तौर पर भाजपा और उसकी विभाजनकारी सोच का विरोध करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर वह उन ताकतों से टकराती है जो भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। इसी विरोधाभास के चलते उन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर सीधे मुकाबले का रास्ता चुना है ताकि देश में एक मजबूत, धर्मनिरपेक्ष और जनकल्याणकारी सरकार स्थापित की जा सके।
राहुल गांधी के विजन से जुड़ रहे कद्दावर नेता: राजेंद्र पाल गौतम
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी पूरे देश में युवाओं के रोजगार, शिक्षा, महिलाओं के अधिकार और वंचित तबकों के न्याय के लिए लगातार आंदोलन चला रही है। राहुल गांधी हर मोर्चे पर आम जनता की आवाज बनकर केंद्र सरकार की नीतियों को चुनौती दे रहे हैं। इसी नीति और विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमि के वरिष्ठ और प्रभावी चेहरे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए संगठन को मजबूत कर रहे हैं।