नोएडा के प्राइमरी स्कूल में बदहाल शौचालय देख भड़के सौरभ दास, यूपी सरकार पर साधा निशाना
'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत पूर्व में पंजाब का मॉडल स्कूल दिखाने पर सोशल मीडिया ट्रोलिंग का सामना कर चुके कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास अब उत्तर प्रदेश के नोएडा पहुंचे हैं। सौरभ दास ने मंगलवार को नोएडा के एक प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर वहां के शौचालय की बेहद खराब स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में शौचालय के बाहर गंदगी व पॉटी पड़ी दिखने और टूटे दरवाजों को कैमरे पर दिखाते हुए उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए।
'1968 के स्कूल में ऐसी बदहाली, क्या कोई मंत्री जाना चाहेगा?'
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सौरभ दास ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वॉशरूम बेहद दयनीय स्थिति में है और दरवाजे पूरी तरह टूटे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्तर प्रदेश का कोई भी मंत्री ऐसे गंदे शौचालय का इस्तेमाल नहीं कर सकता, तो छोटे मासूम बच्चों के साथ ऐसा अन्याय क्यों किया जा रहा है। दास ने रेखांकित किया कि यह विद्यालय वर्ष 1968 से संचालित हो रहा है और न जाने कितनी पीढ़ियां और छात्रों के बैच ऐसी बदतर स्थिति में पढ़कर निकले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी गरिमापूर्ण और स्वच्छ सुविधाएं मिलनी चाहिए।
बजट पास होने की खबर मिलते ही अपनी मुहिम को दिया श्रेय
शौचालय की बदहाली पर बात करते हुए जब सौरभ दास को स्कूल परिसर में यह जानकारी मिली कि अथॉरिटी द्वारा मरम्मत और रेनोवेशन के लिए फंड पास कर दिया गया है, तो उन्होंने तुरंत इसका श्रेय अपनी पार्टी के आंदोलन को दे दिया। दास ने कहा कि देश भर में चल रही 'स्कूल ठीक करो' मुहिम के दबाव के चलते ही शायद अथॉरिटी ने यह बजट जारी करने का कदम उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर जब लोग जमीन पर सर्वे करने और हकीकत दिखाने बाहर आते हैं, तभी संबंधित विभाग एक्शन में क्यों आते हैं, इतने सालों तक काम क्यों रुका रहा।
योगी सरकार, हिंदू-मुस्लिम सियासत और बुलडोजर मॉडल पर तीखा हमला
इस वीडियो के जरिए सीजेपी नेताओं ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को सीधे निशाने पर लिया। सौरभ दास ने कहा कि यह हाल राज्य के सबसे आधुनिक और समृद्ध माने जाने वाले शहर नोएडा का है। उन्होंने राजनेताओं से हिंदू-मुस्लिम की ध्रुवीकरण वाली राजनीति छोड़कर सरकारी स्कूलों की सूरत सुधारने की अपील की। वहीं पार्टी के दूसरे सह-संयोजक आशुतोष रांका ने राज्य के चर्चित बुलडोजर एक्शन पर तीखा कटाक्ष करते हुए मांग उठाई कि क्या सीएम योगी आदित्यनाथ इस जर्जर स्कूल पर बुलडोजर चलाकर नया आधुनिक स्कूल तैयार करेंगे, या फिर बुलडोजर का इस्तेमाल केवल गरीबों पर करने के लिए ही है।