सनसनीखेज वारदात: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, पति को जंगल में गोलियों से भूना

सनसनीखेज वारदात: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, पति को जंगल में गोलियों से भूना

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने अवैध प्रेम संबंधों के रास्ते में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश रची।

रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव अम्बरपुर के जंगलों में किसान और ठेकेदार प्रवीण उर्फ परविन्द्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो सुपारी किलर साथियों को दबोच लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

नए सिम कार्ड से फोन कर जंगल में बुलाया और दाग दीं गोलियां

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश करते हुए बताया कि 27 सितंबर को अम्बरपुर के जंगल में प्रवीण का खून से लथपथ शव मिला था। खुलासे के लिए रतनपुरी थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान और क्राइम ब्रांच प्रभारी मोहित चौधरी की अगुवाई में विशेष टीमें लगाई गई थीं।

जांच में सामने आया कि आरोपी राजा उर्फ काला ने वारदात को अंजाम देने के लिए खास तौर पर एक नया मोबाइल फोन और फर्जी सिम खरीदा था। उसी नए नंबर से प्रवीण को फोन करके अम्बरपुर के जंगल में मिलने के लिए बुलाया गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे कल्याण सिंह ने पहली गोली और राजा उर्फ काला ने दूसरी गोली प्रवीण के सीने में उतार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए थे।

जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने का था सौदा, दोस्तों को मिला 3-3 लाख का ऑफर

पुलिसिया पूछताछ में इस मर्डर मिस्ट्री की सबसे चौंकाने वाली कड़ी सुपारी की रकम निकली। मुख्य आरोपी पत्नी रेखा ने प्रेमी विकास को भरोसा दिलाया था कि पति के खत्म होते ही वह जमीन बेचकर 10 लाख रुपये का बंदोबस्त करेगी। विकास ने इस खूनी खेल में अपने साथी कल्याण सिंह और राजा उर्फ काला को जोड़ लिया। राजा का प्रवीण पर पहले से डेढ़ लाख रुपये का पुराना बकाया था, जिसे प्रवीण लौटा नहीं रहा था।

वहीं राजा, कल्याण सिंह के यहां नौकरी करता था और कल्याण की प्रवीण से दोस्ती थी। इस पुराने हिसाब और पैसों के लालच को भुनाते हुए विकास ने राजा और कल्याण सिंह को मर्डर के बदले 3-3 लाख रुपये देने का वादा कर साजिश में शामिल कर लिया।

दोस्त से अफेयर और घरेलू कलह बनी कत्ल की वजह

पुलिस जांच के मुताबिक, प्रवीण और रेखा की शादी साल 2006 में हुई थी। प्रवीण खेती के साथ-साथ ठेकेदारी का काम भी संभालता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती विकास नाम के युवक से हुई। विकास का प्रवीण के घर लगातार आना-जाना शुरू हुआ, जिससे रेखा और विकास के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। साल 2019 तक आते-आते दोनों के बीच अवैध संबंध गहरे हो गए। पूछताछ में रेखा ने दावा किया कि पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था, इसलिए वह विकास से शादी करना चाहती थी। जब प्रवीण को दोनों के नाजायज रिश्ते की भनक लगी तो उसने कड़ा विरोध जताया, जिससे घर में रोज कलह होने लगी। अंततः रेखा और विकास ने प्रवीण को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।