एसपी अभिषेक झा का बड़ा एक्शन! गोंडा में 25 दरोगाओं के तबादले, 3 पर गिरी गाज; महकमे में हड़कंप
यूपी के गोंडा जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को पटरी पर बनाए रखने के लिए पुलिस महकमे में गुरुवार को बड़ी सर्जरी की गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा ने जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में तैनात 25 उप निरीक्षकों (दरोगाओं) के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
इस आदेश के तहत जहां कई अहम चौकियों के प्रभारियों को थाने भेज दिया गया है, वहीं थानों से तेजतर्रार दरोगाओं को चौकियों की कमान दी गई है। इसके अलावा लापरवाही या प्रशासनिक कारणों के चलते तीन उप निरीक्षकों को लाइन हाजिर भी किया गया है।
जारी तबादला सूची के अनुसार, मिश्रौलिया चौकी प्रभारी योगेश यादव को धानेपुर थाना भेजा गया है, वहीं कोतवाली देहात में तैनात उत्कर्ष नवीन को मिश्रौलिया का नया चौकी प्रभारी बनाया गया है। जानकीनगर चौकी प्रभारी कामेश्वर रावत को छपिया थाना भेजा गया है और उनकी जगह इटियाथोक थाने से अविनाश कुमार विद्यार्थी को जानकीनगर चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
बालपुर चौकी प्रभारी रोहित रणधीर और पहाड़ापुर चौकी प्रभारी राजीव कनौजिया दोनों को मोतीगंज थाना भेजा गया है। सरयूघाट चौकी प्रभारी संजीव सिंह को अब पहाड़ापुर चौकी की कमान सौंपी गई है, वहीं कौड़िया थाने से अमरजीत सोनकर को सरयूघाट चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। आर्यनगर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार मौर्या को जिगिना चौकी इंचार्ज और परसपुर थाने से अमन कनौजिया को आर्यनगर चौकी प्रभारी बनाया गया है।
तबादलों के इसी क्रम में पसका चौकी प्रभारी सहदेव दूबे को खोड़ारे थाना स्थानांतरित किया गया है, वहीं कोतवाली नगर से राहुल प्रकाश को पसका चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। जिगिना चौकी प्रभारी अजय कुमार यादव को करनलगंज थाना भेजा गया है। दत्तौली चौकी प्रभारी दीरपाल सिंह को बालपुर चौकी प्रभारी तथा वजीरगंज थाने से अवधेश कुमार पाल को दत्तौली चौकी का जिम्मा सौंपा गया है। हथियागढ़ चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव को मोतीगंज थाना भेजा गया है, वहीं परसपुर थाने से अमित कुमार गुप्ता को हथियागढ़ चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है। गौरा चौकी प्रभारी मयंक वर्मा को कोतवाली नगर थाने में तैनाती मिली है, वहीं वजीरगंज से प्रवीण सिंह को गौरा चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा विनोद कुमार वर्नवाल को मनकापुर से इटियाथोक थाना भेजा गया है।
एसपी के आदेश में पुलिस लाइन से दूधनाथ चतुर्वेदी को उमरीबेगमगंज थाने में वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएसआई) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं उमरीबेगमगंज से रविन्द्र प्रसाद को खरगूपुर थाना भेजा गया है। वहीं प्रशासनिक व्यवस्था के तहत तीन दरोगाओं को पुलिस लाइन भेजा गया है, जिनमें इटियाथोक से कपिलदेव चौरसिया, परसपुर से कौशल किशोर सिंह और खरगूपुर से सत्यनारायण यादव शामिल हैं। एसपी अभिषेक झा ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और क्षेत्र में गश्त व जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।