दिवाली से ठीक पहले योगी सरकार का बड़ा फैसला: 455 लेखपालों की अचानक बदल गई किस्मत, जारी हुआ नया आदेश
त्योहारी सीजन से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के राजस्व कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद ने प्रदेश भर के 455 लेखपालों को पदोन्नत कर राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) बना दिया है। दिवाली के अवसर पर मिली इस प्रशासनिक सौगात से कर्मचारियों में भारी उत्साह है। परिषद ने पूरी पदोन्नति प्रक्रिया ऑनलाइन विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) के जरिए पूरी की है और जल्द ही पदोन्नत हुए सभी अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश भी जारी कर दिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद बोर्ड के चेयरमैन बीएल मीणा के अनुसार, पदोन्नति की यह समूची प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी रखी गई थी। कर्मियों के सेवा अभिलेखों, निर्धारित पात्रता और मानकों की विस्तृत समीक्षा के उपरांत ही 455 लेखपालों को कानूनगो पद के लिए उपयुक्त पाया गया। ऑनलाइन प्रणाली अपनाने से न केवल चयन प्रक्रिया में पूरी निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित हुई, बल्कि बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के योग्य कर्मियों को उनका हक मिला है।
राजस्व निरीक्षकों के रिक्त पदों पर इस नई तैनाती से तहसील, ब्लॉक और ग्रामीण स्तर पर सरकारी कामकाज की गति तेज होगी। जमीनी विवादों के समाधान, भूमि पैमाइश, सीमांकन और वरासत जैसे जरूरी राजस्व रिकॉर्ड्स के निस्तारण में अब पहले से ज्यादा तेजी आएगी। सीएम योगी के विजन के अनुरूप प्रशासनिक सुधारों में तकनीकी नवाचार का यह प्रयोग राजस्व व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने में काफी असरदार साबित होगा।