
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2022 से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां परिवहन मंत्री यशपाल आर्य अपने बेटे और नैनीताल विधायक संजीव आर्य समेत सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए। बता दें कि यशपाल उत्तराखंड सरकार ने समाज कल्याण मंत्री व परिवहन मंत्री थे। इन दोनों नेताओं ने दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, कांग्रेस प्रदेश कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित राष्ट्रीय महामंत्री-संगठन केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला की मौजदूगी में कांग्रेस का हाथ थामा।
गौरतलब है कि समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य बाजपुर से विधायक हैं जबकि उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल विधानसभा सीट से विधायक है। दोनों नेता साल 2017 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शमिल हुए थे। भाजपा ने दोनों को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी बनाया था। पिता और बेटे ने भाजपा को निराश न करते हुए जीत भी दर्ज की थी। इसके बाद भाजपा सरकार ने यशपाल आर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया लेकिन विधानसभा चुनाव-2022 से पहले ही एक बार फिर यशपाल और संजीव ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले उक्रांद नेता व धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उत्तराखंड में एक निर्दलीय विधायक भाजपा में शामिल हो गए। टिहरी जिले की विधानसभा धनोल्टी से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार बुधवार को दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया था। 2017 में उत्तराखंड में हुए विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे प्रीतम सिंह पंवार ने बाजी मारी थी। लेकिन अब चुनाव से पहले वो फिर भाजपा में शामिल हो गए हैं।
--Advertisement--