img

uttarakhand news: उत्तराखंड परिवहन निगम गढ़वाल और कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में रोडवेज बस सेवाओं को विस्तार देने की तैयारी में है। अगले एक हफ्ते में 130 नई बसें निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी, जिन्हें पहाड़ी मार्गों पर चलाने का योजना बनाई गई है। ये कदम पर्वतीय क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की यात्रा में सुधार लाने के लिए उठाया जा रहा है।

लंबे समय से बंद पड़े मार्गों पर भी अब सेवाएं शुरू होने की संभावना है। तीन वर्षों की कठिनाईयों के बाद ये नई बसें गोवा से पहुंच रही हैं, जिसमें से एक बस पहले ही देहरादून आ चुकी है और बाकी बसें जल्द ही यहां पहुंचेंगी।

इन नई बसों को विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों के लिए खरीदा गया है, जिससे गढ़वाल और कुमाऊं के क्षेत्रों में बस सेवाओं में वृद्धि की आशा जगी है। कुछ मार्ग ऐसे हैं, जहां बसों की कमी के चलते सेवाएं बाधित हो रही थीं, मगर नई बसों के आने से इन मार्गों पर भी जल्द ही सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।

देहरादून से पर्वतीय डिपो की बसें पहाड़ी क्षेत्रों के लिए संचालित होती हैं, मगर बसों की कमी के कारण कई क्षेत्रों जैसे बडौथा, बाणाधार, कैराड, हनोल, खिट्टा, मनेरी, खिर्सू, प्रतापनगर, और जाखणीधार में सेवाएं बंद थीं। नई बसों के मिलने के बाद रोडवेज इन सभी मार्गों पर सेवाएं पुनः शुरू करने की योजना बना रहा है। दीपावली तक सभी नई बसों को सड़क पर उतारने का लक्ष्य है।

--Advertisement--