23 साल बाद देहरादून पहुंची जेनी, साथ में 23 साल का बेटा: हरक सिंह रावत पर लगे गंभीर आरोपों से उत्तराखंड में भूचाल
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की आहट के बीच 23 वर्ष पुराना जेनी प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मूल रूप से असम की रहने वाली जेनी ने अपने बेटे के साथ देहरादून पहुंचकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं और अपने बेटे को पिता का नाम दिलाने की बात कही है।
उन्होंने मामले की सीबीआई जांच और डीएनए परीक्षण की मांग करते हुए आरोप लगाया कि अक्टूबर 2002 में 16 साल की उम्र में वह देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर करीब दो महीने रही थीं, जहां उनके साथ दुष्कर्म हुआ और बाद में नारी संस्था के बहाने उन्हें मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें गर्भवती होने का पता चला। जेनी का कहना है कि उस दौर में उन्हें केवल करीब 10 प्रतिशत हिंदी समझ आती थी, उनसे अनजाने दस्तावेजों पर दस्तखत कराए गए, तत्कालीन वकील ने रावत का साथ दिया, पुलिस ने डरा-धमकाकर देहरादून छोड़ने पर मजबूर किया, सीबीआई अफसर केवल एक बार मिलने आए और बिना रक्त के नमूने लिए ही डीएनए जांच की बात कही गई, जबकि उनका बेटा आज 23 साल का हो चुका है।
इस बीच गुवाहाटी में हरक सिंह रावत के खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजपा कांग्रेस से उन्हें निष्कासित करने की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे अंकित भंडारी मामले से ध्यान भटकाने की चाल बता रही है।
देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में अनौपचारिक बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने इन आरोपों और गुवाहाटी में दर्ज केस को लेकर बेबाक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी मुकदमे या गिरफ्तारी से कोई फर्क नहीं पड़ता और कानूनी प्रक्रिया के तहत जहां की घटना होती है, जांच भी वहीं होती है। राजनीतिक घेराबंदी पर पलटवार करते हुए रावत ने दावा किया कि इससे उन्हें नुकसान के बजाय उल्टा लाभ होगा, जैसा कि 2003 में जनता का समर्थन मिलने पर हुआ था।
दूसरी ओर, छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे के बाद देहरादून प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। बैठक में संगठन को बूथ व घर-घर तक मजबूत करने, राज्य सरकार की कथित विफलताओं को तथ्यों के साथ रखने और जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान तथा जनआंदोलन चलाने का रोडमैप तय किया गया। साथ ही बागेश्वर के कपकोट सम्मेलन में माला पहनाने को लेकर उठे विवाद पर भी विराम लग गया, जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य गले मिले तथा बुके भेंट किए। यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस में बड़ों के सम्मान की परंपरा है और उन्होंने आदरवश हरीश रावत को माला पहनाई थी, जिसे भाजपा ने मनमुटाव के रूप में पेश करने की कोशिश की।