उत्तराखंड में सियासी घमासान! पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज कराई गई तहरीर, लगे ये आरोप

उत्तराखंड में सियासी घमासान! पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज कराई गई तहरीर, लगे ये आरोप

उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में उस समय सियासी तापमान बढ़ गया जब प्रदेश के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस में औपचारिक तहरीर दे दी।

बागेश्वर जिले की कोतवाली पहुंचे भूपेश उपाध्याय ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ सुसंगत कानूनी धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की छवि धूमिल करने और राजनीतिक विद्वेष की भावना से प्रेरित होकर तथ्यहीन और अनर्गल आरोप लगाए हैं।

असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा मामले का दिया हवाला, एआई के दुरुपयोग का आरोप

कोतवाली परिसर में पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों के समक्ष बयान देते हुए भूपेश उपाध्याय ने कांग्रेस नेता के पिछले राजनीतिक आचरण पर भी कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा पूर्व में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकी हथकंडों का दुरुपयोग कर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने तथा उनके जरिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी धर्मपत्नी पर बेबुनियाद आरोप लगाने में शामिल रहे हैं।

उपाध्याय ने रेखांकित किया कि विभिन्न जांच एजेंसियों की पड़ताल में वे सभी आरोप पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत साबित हुए थे। उन्होंने कहा कि असम विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान से ठीक पहले मतदाताओं को भ्रमित करने और भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक नुकसान पहुंचाने के लिए वह षड्यंत्र रचा गया था।

'तीसरी बार भाजपा सरकार की राह रोकने के लिए कांग्रेस का नया षड्यंत्र'

दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने आगे कहा कि आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सशक्त नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जनहित और विकास के कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड के आम जनमानस का मन पूरी तरह स्पष्ट है और राज्य की जनता लगातार तीसरी बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने तथा पुष्कर सिंह धामी को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन करने का मन बना चुकी है।

उन्होंने दो टूक कहा कि जनता का यही अटूट विश्वास और समर्थन देखकर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह हताश हो चुकी है और चुनाव से पहले नए-नए हथकंडे अपनाकर धामी सरकार को बदनाम करने की साजिशें रच रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।