उत्तराखंड के युवाओं की चमकी किस्मत! सरकार हर महीने बैंक खाते में भेजेगी इतने पैसे, जानें कैसे?
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें बेहतर अवसर देने की तैयारी तेज हो गई है। वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत 500 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन ने चयन प्रक्रिया और ट्रायल की रूपरेखा तय कर ली है।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय बैठक में दोनों योजनाओं के संचालन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रशासन का उद्देश्य है कि योग्य खिलाड़ियों को पारदर्शी तरीके से चुना जाए और उन्हें समय पर सुविधाएं मिल सकें।
8 से 14 वर्ष के 300 खिलाड़ियों का होगा चयन
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष तक के 300 बच्चों को चयनित किया जाएगा। इनमें 150 बालक और 150 बालिकाएं शामिल होंगी।
चयनित खिलाड़ियों को हर महीने 1,500 रुपये की खेल छात्रवृत्ति दी जाएगी। वर्ष 2022-23 में शुरू हुई इस योजना से अब तक 1,198 खिलाड़ी लाभ ले चुके हैं।
14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को भी मिलेगा सहयोग
मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के माध्यम से 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 200 खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। इसमें 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन किया जाएगा।
इस योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इसके अलावा खेल सामग्री खरीदने के लिए हर साल 10,000 रुपये की आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी। वर्ष 2023-24 से संचालित इस कार्यक्रम में अब तक 579 खिलाड़ी लाभान्वित हो चुके हैं।
जुलाई और अगस्त में होंगे चयन ट्रायल
उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लिए चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। विद्यालय स्तर पर ट्रायल 14 और 15 जुलाई को होंगे। इसके बाद न्याय पंचायत स्तर पर 20 और 21 जुलाई को चयन होगा।
नगर पालिका, नगर निगम और विकास खंड स्तर पर ट्रायल 23 से 25 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय चयन 27 से 29 जुलाई 2026 के बीच होगा।
वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के लिए ट्रायल 3 अगस्त 2026 से नगर पालिका, नगर निगम और विकास खंड स्तर पर शुरू किए जाएंगे।